विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जालंधर ब्लास्ट केस में बहुत बड़ा खुलासा, पाकिस्तान में रची गई थी हमले की साजिश; इस ISI एजेंट का हाथ

Published: Sun, 13 Apr 2025 09:43 PM (IST)

Jalandhar Blast Case जालंधर ब्लास्ट मामले में खुलासा हुआ है कि भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड फेंकने ...और पढ़ें

7 अप्रैल को मनोरंजन कालिया के घर हुआ था ग्रेनेड हमला (File Photo)
7 अप्रैल को मनोरंजन कालिया के घर हुआ था ग्रेनेड हमला (File Photo)

HighLights

  1. यू-ट्यूबर के घर के बाद पूर्व मंत्री के घर पर फेंका जाना था ग्रेनेड
  2. रोजर संधू के घर ग्रेनेड फेंकने वालों को ही मिलनी थी जिम्मेदारी
  3. आईएसआई एजेंट शहजाद व जीशान अख्तर ने रची साजिश

जागरण संवाददाता, जालंधर। Jalandhar Blast Case: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर सोमवार रात्रि (7 अप्रैल) ग्रेनेड फेंकने की साजिश 16 मार्च को यू-ट्यूबर रोजर संधू के घर ग्रेनेड फेंके जाने के समय ही रची गई थी। एक महीना पहले पाकिस्तान में बैठे आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी व गैंगस्टर जीशान अख्तर ने यह साजिश रची थी।

कैसे बना था ग्रेनेड फेंकने का प्लान?

बताया जा रहा है कि रोजर संधू के घर ग्रेनेड फेंकने से पहले दो ग्रेनेड आए थे। इनमें से एक यू-ट्यूबर के घर पर फेंका गया और दूसरा जालंधर के किसी बड़े नेता के घर पर फेंकने के लिए रख लिया गया था।

पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया का बड़ा राजनीतिक कद तथा उनके घर पर वारदात के बाद वहां से आसानी से भाग निकलने के कई मार्ग होने के कारण वहां ग्रेनेड हमले का प्लान बनाया गया।

बताया जा रहा है कि जीशान व शहजाद भट्टी ने आईएसआई के कहने पर दोनों ग्रेनेड फेंकने की योजना एक साथ बनाई थी। हाल में जारी वीडियो से पहले भी भट्टी ने वीडियो वायरल कर एक और धमाके की चेतावनी दी थी।

ग्रेनेड फेंकने के पीछे क्या था मकसद?

बता दें कि यू-ट्यूबर के घर ग्रेनेड रंजिश के चलते फेंका गया था जबकि पूर्व मंत्री के घर पर ग्रेनेड पंजाब का माहौल खराब करने के लिए फेंका गया। बताया जा रहा है कि यू-ट्यूबर के घर ग्रेनेड हमले के बाद गिरफ्तार हुए आरोपितों को ही यह जिम्मेदारी सौंपी जानी थी पर वे गिरफ्तार हो गए तो कालिया के घर ग्रेनेड फेंकने का काम सईदुल अमीन को सौंपा गया जिसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। सईदुल ने हैरी व सतीश को अपने साथ मिलाया और वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपित को पुलिस ने रिमांड पर लिया

पुलिस जांच कर रही है कि मामले में और कितने आरोपित शामिल हैं या जालंधर के कितने युवाओं को जीशान ने अपने साथ मिलाया है। इस मामले में दिल्ली से गिरफ्तार मुख्य आरोपित सईदुल अमीन को पुलिस ने सात दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस ने सिविल अस्पताल से आरोपित का मेडिकल करवाया और उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट आकाशदीप की अदालत में पेश कर 10 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन अदालत में पुलिस को सात का रिमांड मिला। बताया जा रहा है कि इस मामले में छह और लोगों के शामिल हैं जिनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।