Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जालंधर ब्लास्ट मामले में छह नए संदिग्धों की पहचान, आरोपियों के परिजनों और दोस्तों तक पहुंची SIT की जांच

    Updated: Mon, 18 May 2026 09:48 PM (IST)

    जालंधर बीएसएफ चौक ब्लास्ट मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के स्वजनों और करीबियों से पूछताछ की है। ...और पढ़ें

    जालंधर ब्लास्ट मामले में छह नए संदिग्धों की पहचान (फाइल)

    जालंधर ब्लास्ट मामले में छह नए संदिग्धों की पहचान (फाइल)

    HighLights

    1. ब्लास्ट मामले में पुलिस ने स्वजनों से की पूछताछ

    2. एसआईटी गठित, 6 नए संदिग्धों की हुई पहचान

    3. आरोपित पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे

    जागरण संवाददाता, जालंधर। बीएसएफ चौक के पास हुए ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद अब पुलिस ने उनके स्वजन, दोस्तों और करीबी संपर्कों को भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया है।

    रविवार को पुलिस ने आरोपितों के स्वजन से घंटों पूछताछ की। जांच टीमों का मानना है कि ब्लास्ट की साजिश को अंजाम देने में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने आरोपितों को तकनीकी और लाजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जालंधर पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया है।

    जिसमें डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों की अगुआई में कई अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 15 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।

    इनमें गिरफ्तार आरोपितों के रिश्तेदार, दोस्त, मोबाइल संपर्क और उनके साथ लगातार संपर्क में रहने वाले लोग शामिल हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर छह नए संदिग्धों के नाम सामने आए हैं।

    बताया जा रहा है कि ये संदिग्ध जालंधर के अलावा पंजाब के अन्य शहरों और दूसरे राज्यों से जुड़े हुए हैं। पुलिस को शक है कि इन लोगों ने आरोपितों को ठिकाना, मोबाइल सिम, वाहन और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध करवाने में मदद की हो सकती है।

    जालंधर पुलिस ने कई जगहों पर की छापेमारी

    जालंधर पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में कई स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। हालांकि अभी तक किसी नए संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और डिजिटल सबूतों के आधार पर जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस मोबाइल काल डिटेल, इंटरनेट मीडिया गतिविधियों और बैंकिंग लेनदेन की भी जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पिछले कुछ समय से इंटरनेट मीडिया के जरिये पाकिस्तानी डान शहजाद भट्टी के संपर्क में रहे थे।

    खबरें और भी

    क्या था मामला

    पांच मई की रात जालंधर के बीएसएफ चौक के पास जोरदार धमाका हुआ था। ब्लास्ट बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के नजदीक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गई थीं।

    शुरुआती जांच में सामने आया था कि विस्फोट आइईडी के जरिये किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जिनमें उमरदीन उर्फ मनीर खान और अनिल शर्मा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों इंटरनेट मीडिया के जरिये पाकिस्तान आधारित हैंडलरों के संपर्क में आए थे।