पंजाब के जालंधर में खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की मौत
जालंधर के मकसूदां बाईपास हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

हादसे के बाद जाचं पड़ताल करते पुलिसकर्मी (जागरण)
HighLights
जालंधर के मकसूदां बाईपास पर भीषण सड़क हादसा
तेज रफ्तार स्विफ्ट कार खड़े ट्रक से टकराई
हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत
जागरण संवाददाता, जालंधर। मकसूदां बाईपास हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार स्विफ्ट कार खड़े ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

गाड़ी के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्विफ्ट कार काफी तेज रफ्तार से मकसूदां बाईपास हाईवे पर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
-1786161436677.webp)
ट्रक सड़क के बीच छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक अपना वाहन हाइवे के बीच में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कार और सड़क पर खड़े ट्रक के कारण हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।
देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु करवाने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की
पुलिस ने लोगों की मदद से कार में फंसे तीनों युवकों के शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मौके पर मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
खबरें और भी
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हाईवे पर ट्रक किस वजह से खड़ा था और हादसे के समय उसकी स्थिति क्या थी।
इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि हादसे की पूरी घटना स्पष्ट हो सके। ट्रक चालक के फरार होने के कारण पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद हाइवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।