जालंधर में दर्दनाक हादसा, फैक्ट्री में काम कर रही महिला का दुपट्टा फंसने से गर्दन धड़ से अलग
जालंधर के नूरपुर गांव में एक फैक्ट्री में काम करते समय मशीन में दुपट्टा फंसने से 54 वर्षीय अर्चना कुमारी की गर्दन धड़ से अलग हो गई।

जालंधर फैक्ट्री हादसा: मशीन में दुपट्टा फंसने से महिला की गर्दन कटी, सुरक्षा पर सवाल
HighLights
जालंधर फैक्ट्री में मशीन से दुपट्टा फंसने पर महिला की मौत
54 वर्षीय अर्चना कुमारी की गर्दन धड़ से अलग हुई
पति ने सुरक्षा मानकों की कमी और समझौते का आरोप लगाया
जागरण संवाददाता, जालंधर। थाना मकसूदां के तहत आने वाले गांव नूरपुर में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां वीरवार दोपहर करीब 12 बजे फैक्ट्री में काम के दौरान मशीन में दुपट्टा फंसने से महिला की गर्दन धड़ से अलग हो गई और उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 54 वर्षीय अर्चना कुमारी के रूप में हुई है। थाना मकसूदां की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फैक्ट्री के अंदर मौजूद कर्मियों ने बताया कि दुपट्टा के साथ महिला की गर्दन खींच गई। हादसे के दौरान कर्मियों ने तुरंत मशीन को बंद किया, लेकिन तब तक महिला की गर्दन धड़ से अलग हो चुकी थी। इसके बाद फैक्ट्री स्टाफ ने घटना संबंधी पुलिस को सूचना दी।
थाना मकसूदां एएसआई भूपिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। पुलिस का कहना है कि कर्मियों के बयान दर्ज किए गए हैं। मृतक महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। महिला के परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं नंगल सलेमपुर निवासी पति दुर्गानंद दास ने बताया कि महिंद्रा इंटरप्राइज में उसकी पत्नी काम करती थी।
उनके तीन बच्चे हैं। लड़की की शादी दिल्ली में हुई है। दो बेटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में बिना सेफ्टी के पत्नी सहित अन्य कर्मी काम करते है। पति ने कहा कि फैक्ट्री कर्मियों द्वारा समझौता करने की कोशिश की गई। इस दौरान उन्हें कहा गया है कि अगर आप समझौता नहीं करते तो एफआईआर दर्ज की जाएगी। फैक्ट्री में 20 से 25 कर्मी काम करते हैं। पति ने कहा कि कर्ज के कारण पत्नी को तीन माह पहले नौकरी पर लगाया था।
चार घंटे फैक्ट्री के अंदर बैठी रही पुलिस, स्वजन बाहर रोते रहे
फैक्ट्री में महिला की मौत के बाद पुलिस फैक्ट्री के अंदर करीब चार घंटे तक बैठी रही और मृतक का पति व स्वजन फैक्ट्री के बाहर बैठकर रोते रहे। जब लोगों ने फैक्ट्री के बाहर हंगामा किया तो फिर स्वजन को फैक्ट्री के अंदर जाने दिया गया।
