विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हादसे का कारण नशा या टूटी सड़क! जालंधर में सड़क किनारे बैठे मजदूरों को बेकाबू कार ने कुचला, 3 घायल

Published: Sat, 01 Aug 2026 12:49 PM (IST)

जालंधर में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे 3 मजदूरों को कुचल दिया। स्थानीय लोगों ने चालक पर ...और पढ़ें

HighLights

  1. तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को गंभीर रूप से घायल किया।

  2. स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे में होने का आरोप लगाया।

  3. चालक ने टूटे गटर और टायर फटने को हादसे का कारण बताया।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर शहर के कपूरथला मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे मजदूरों को कुचल दिया। जिसके बाद कार पहले गटर में घुसी और फिर पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया, जबकि चालक ने हादसे के लिए सड़क पर बने टूटे गटर और टायर फटने को जिम्मेदार बताया। फिलहाल पुलिस ने कार कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार कपूरथला मार्ग की ओर काफी तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे बने क्षतिग्रस्त गटर की ओर मुड़ गई। इसके बाद कार वहां बैठे मजदूरों को जोरदार टक्कर मारते हुए आगे जाकर पेड़ से टकरा गई।

यह भी पढ़ें- बरनाला लाठीचार्ज का गुस्सा अमृतसर पहुंचा, विधायक के घर कूड़ा फेंकने की चेतावनी; पुलिस ने सुरक्षा घेरा किया तैयार

injured labourer jalandhar

घायल मजदूर।

टल सकता था हादसा!

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के सुरक्षा एयरबैग भी खुल गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। तीनों मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों ने चालक को घेर लिया और आरोप लगाया कि वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था। लोगों का कहना था कि यदि वाहन सामान्य गति से चल रहा होता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। हालांकि पुलिस ने अभी तक चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

टायर फटने के बाद स्थिति बिगढ़ी

दूसरी ओर चालक ने अपने बचाव में कहा कि वह सामान्य गति से वाहन चला रहा था। उसके अनुसार सड़क पर बने टूटे हुए गटर या बाहर निकले लोहे के सरिए की वजह से कार का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बैठे मजदूरों की ओर चला गया। चालक ने इसे पूरी तरह एक आकस्मिक दुर्घटना बताया।

यह भी पढ़ें- पंजाब में आज 40 लाख महिलाओं के खाते में आएंगे 4500 रुपये, क्या है AAP की यह योजना; कैसे करें अप्लाई?

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बस्ती बावा खेल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच अधिकारी ASI जगतार सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर आसपास लगे साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना चालक की लापरवाही से हुई, वाहन की तकनीकी खराबी से या फिर सड़क पर बने क्षतिग्रस्त गटर के कारण। जांच के बाद नियमोनुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- भुई आंवला के पौधे के अंदर छिपा कैंसर से लड़ने का राज, PU के शोध से चिकित्सीय सेवा को नई उम्मीद