Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिलिंडर नहीं मिल रहा, क्या शादियों में भी खाना इंडक्शन पर बनेगा? पंजाब में रसोई गैस के लिए एजेंसियों पर भारी भीड़

    Updated: Fri, 13 Mar 2026 05:30 AM (IST)

    पंजाब के जालंधर में रसोई गैस सिलिंडरों की भारी कमी से लोग परेशान हैं। ईरान-इजरायल युद्ध के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे मांग चार-पांच गुना बढ़ ...और पढ़ें

    ईरान-इजरायल युद्ध से रसोई गैस आपूर्ति प्रभावित हुई। फाइल फोटो

    ईरान-इजरायल युद्ध से रसोई गैस आपूर्ति प्रभावित हुई। फाइल फोटो

    HighLights

    1. ईरान-इजरायल युद्ध से रसोई गैस आपूर्ति प्रभावित हुई

    2. जालंधर में गैस एजेंसियों पर सिलेंडरों के लिए भारी भीड़

    3. वाणिज्यिक गैस आपूर्ति ठप, होटल इंडक्शन पर विचार कर रहे

    जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के तमाम जिलों में रसोई गैस सिलिंडरों की सप्लाई न मिलने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग हो रही है। दिक्कत उनको आ रही है, जिनका 25 दिन नहीं हुआ है।

    इसके चलते उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर पहुंचकर रिफिल बुक करवाने का प्रयास कर रहे हैं। इस कारण गुरुवार को शहर की सभी गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ देखी गई। बुकिंग के बाद पर्ची लेकर कई लोग वाहनों पर सिलिंडर लादकर गोदामों को जाते भी देखे गए।

    ईरान-इजरायल युद्ध का असर एलपीजी की आपूर्ति पर सबसे अधिक पड़ा है। सामान्य दिनों में एक गैस एजेंसी पर रोजाना 100 से 150 सिलिंडरों की बुकिंग होती थी, वहां पर चार से पांच सौ सिलिंडरों की बुकिंग हो रही है। इसके बदले जिले में रोजाना औसत 12 हजार गैस सिलेंडरों की सप्लाई दी जाती है, जबकि मांग में चार से पांच गुना तक का इजाफा हो गया है। अचानक से बढ़ी मांग व आपूर्ति में भारी अंतर ही परेशानी का कारण है।

    लाडोवाली रोड स्थित गैस एजेंसी पर सिलिंडर की बुकिंग करवाने आए राजीव कुमार ने दावा किया कि उन्हें एक माह पहले गैस सिलिंडर की सप्लाई दी गई थी। इसके बाद बुकिंग नहीं करवाई। इस कारण एजेंसी पर आना पड़ा। इसी तरह बस्ती शेख स्थित गैस एजेंसी पर पहुंचे पवन कुमार ने कहा कि गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने बुकिंग कर ली है तथा पांच दिन के भीतर सप्लाई देने का विश्वास दिलाया है।

    खबरें और भी

    कमर्शियल गैस सिलिंडरों की शुरू नहीं हुई सप्लाई

    गैस एजेंसियों पर सप्ताह भर के बाद भी कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई शुरू नहीं की गई है, न ही इसे लेकर ऑयल कंपनियों द्वारा आदेश ही जारी किए गए हैं। इससे कमर्शियल गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों की परेशानी बढ़ती जा रही है। इस कारण शहर में ओल्ड जीटी रोड, नई दाना मंडी रोड व आदर्श नगर मेन पर रोड लगने वाली खानपान की रेहड़ियों की संख्या में भी तीस प्रतिशत तक कमी देखी गई है।

    25 दिन बाद सिलिंडर बुक करवाने पर ही मिल रही सप्लाई

    गैस एजेंसी संचालकों ने कहा कि डिलीवरी के 25 दिन बाद सिलिंडर बुक करवाने वालों को सप्लाई दी जा रही है। हालांकि इनकी संख्या व आपूर्ति में अंतर के कारण चार से पांच दिन लग रहे हैं। इस बारे में गैस वितरक ललतेश भसीन व प्रबंधक जगदीश कुमार ने कहा कि घरेलू उपभोक्ता को निरंतर सप्लाई दी जा रही है।

    कामर्शियल सिलिंडर न मिले तो कारोबार होगा प्रभावित

    होटल द माया के वाइस प्रेसीडेंट श्रीरूप चौधरी ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई नहीं हो रही है। फिलहाल होटल में कुछ दिन का सिलिंडरों का स्टॉक है। अगर सप्लाई नहीं मिलेगी तो कुकिंग इंडक्शन से खाना बनेगा। होटल में शादियां व अन्य कार्यक्रम होने हैं। सिलिंडर न मिलने से कारोबार पर असर पड़ेगा।