जालंधर: रसोई गैस के नियमों में बड़ा बदलाव, अब 25 नहीं 35 दिन बाद होगी सिलेंडर की बुकिंग
आयल कंपनियों ने रसोई गैस सिलेंडर बुकिंग नियमों में बदलाव किया है। अब डबल सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं को दूसरे सिलेंडर की बुकिंग 25 की बजाय 35 दिन बाद करवा ...और पढ़ें
HighLights
डबल सिलेंडर बुकिंग अवधि 25 से 35 दिन हुई।
जमाखोरी रोकने और आपूर्ति सुधारने को लिया गया निर्णय।
डिलीवरी के लिए ओटीपी वेरिफिकेशन अब अनिवार्य होगा।
शाम सहगल, जालंधर। रसोई गैस सिलिंडर की बुकिंग को लेकर आयल कंपनियों ने नियम में बदलाव किया है। अभी तक गैस सिलिंडर की डिलीवरी के 25 दिन के बाद हो रही दूसरे सिलिंडर की बुकिंग की अवधि को बढ़ा कर 35 दिन कर दिया गया है। यह नियम डबल सिलिंडर वाले उपभोक्ताओं पर लागू होगा। एक सिलिंडर वाले उपभोक्ता पहले की ही तरह 25 दिन बाद बुकिंग करवा सकेंगे।
अभी सिलिंडर की बुकिंग के पांच से छह दिन के बाद सप्लाई दी जा रही है। यानि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को एक सिलिंडर हासिल करने के लिए करीब 41 दिनों का इंतजार करना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि यह निर्णय जमाखोरी रोकने और सप्लाई चेन को सुचारू बनाए रखने के लिए लिया गया है।
इसके साथ ही डिलीवरी के लिए ओटीपी वेरिफिकेशन को अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों के साफ्टवेयर अपडेट किए जा रहे हैं। इस बारे में इंडियन आयल के डीजीएम राघवेंद्र सिंह बताते हैं कि कंपनियों के निर्देशों के मुताबिक ही उपभोक्ता को रिफिल की बुकिंग करवानी होगी। इसके लिए उपभोक्ता को संयम बनाए रखना चाहिए।
उपभोक्ता डिलीवरी के बाद बुकिंग की अवधि कम करने की मांग कर रहे हैं। तरविंदर कौर बताती हैं कि बुकिंग की अवधि बढ़ाना ठीक नहीं है। विनोद पुरी ने कहा कि बड़े व संयुक्त परिवारों में एक गैस सिलिंडर की खपत का औसत बीस दिन है। अब 35 दिन के बाद दूसरी बुकिंग से परेशानी होगी। बुकिंग के नियम बदलने का फैसला घरेलू उपभोक्ता की दिक्कतें बढ़ाने वाला है। इसी तरह गौरी महेंद्रू ने कहा कि बुकिंग की अवधि 35 से कम करके 20 दिन करनी चाहिए, ताकि उपभोक्ता आसानी से गैस सिलिंडर हासिल कर सकें।