विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में लगा प्याज का लंगर, कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केंद्र को घेरा

Published: Thu, 27 Aug 2026 07:28 PM (IST)

जालंधर में कांग्रेस नेता डॉ. जसलीन सेठी ने कार्यकर्ताओं के साथ 'प्याज का लंगर' लगाकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने प्याज का लंगर लगाकर बढ़ती महंगाई पर केंद्र को घेरा।

कांग्रेस ने प्याज का लंगर लगाकर बढ़ती महंगाई पर केंद्र को घेरा।

HighLights

  1. कांग्रेस ने जालंधर में 'प्याज का लंगर' लगाकर महंगाई का विरोध किया

  2. डॉ. जसलीन सेठी ने केंद्र-राज्य सरकारों को बढ़ती कीमतों का जिम्मेदार बताया

  3. जिला कांग्रेस जल्द ही चीनी का लंगर भी लगाने की तैयारी में है

जागरण संवाददाता, जालंधर। बढ़ती महंगाई के खिलाफ सीनियर कांग्रेस नेता एवं पार्षद डॉ. जसलीन सेठी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मास्टर तारा सिंह नगर मार्केट में ‘प्याज का लंगर’ लगाया।

यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और पंजाब सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ किया गया, जिसमें लोगों को प्याज वितरित कर महंगाई को लेकर जागरूक किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजिंदर बेरी और कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

डॉ. जसलीन सेठी ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही हैं। प्याज भी अब लोगों की खरीद से बाहर होता जा रहा है। चीनी के दाम पहले ही 70 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं।

केंद्र सरकार महंगाई पर काबू पाने में नाकाम रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन यापन कठिन हो गया है। डॉ. सेठी ने कहा कि 10-20 रुपये किलो बिकने वाला प्याज आज 60-70 रुपये में बिक रहा है। केंद्र और पंजाब सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं रख पा रही हैं।

रसोई गैस, दाल, सब्जियां और रोजमर्रा की जरूरत का हर सामान लगातार महंगा होता जा रहा है। जिला कांग्रेस प्रधान राजिंदर बेरी ने कहा कि महंगाई के लिए केंद्र और पंजाब सरकार जिम्मेदार हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिला कांग्रेस की तरफ से चीनी का लंगर भी लगाया जाएगा।

डॉ. जसलीन सेठी की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने महंगाई की मार पर चिंता व्यक्त की। इस मौके पर कांग्रेस नेता किशन लाल मलिक, योगेश हांडा, बिल्ला, सुरिंदर सिंह, कीमती सैनी, जसबीर सिंह, यशपाल, विक्की बांगड़, अनु गुप्ता और पल्लवी समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- कौन हैं राजा दी किंग, जो चंडीगढ़ में लगाएंगे पेट्रोल का लंगर? मुफ्त में iPhone भी बांटेंगे; नोट कर लें डेट और जगह