'कीवें हो पंजाबियो...', जालंधर में पगड़ी पहन पीएम मोदी ने जीता दिल, कानून-व्यवस्था पर भड़के, भाजपा को बताया हल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा व चंडीगढ़ के कार्यक्रमों के बाद जालंधर पहुंचकर 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। अमृतसर से वाराणसी ट्रे ...और पढ़ें
HighLights
पीएम मोदी ने ₹5,470 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
75 रेलवे स्टेशनों और संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी।
पंजाब सरकार पर कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर साधा निशाना।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पीएम नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने और PGI में 10 प्रोजेक्ट का शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद जालंधर पहुंचे। जालंधर में उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर जालंधर कैंट के साथ 75 रेलवे स्टेशन का किया उद्घाटन किया है। इसके अलावा अमृतसर-वाराणसी के लिए ट्रेन को हरि झंडी दिखाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में की। उन्होंने पंजाबी में बोलते हुए कहा-
पंजाबियों, किवें हो? चढ़दी कलां च हो या नहीं?
इसके बाद उन्होंने कहा कि आज जालंधर विकास के एक नए उत्सव का साक्षी बन रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्हें जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का अवसर मिला, जबकि कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास भी किया, जो गुरुओं के इतिहास, विचारों और विरासत के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर के लोगों की सराहना करते हुए स्वच्छता से स्वागत की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को यहां के लोगों ने सही मायनों में अपनाया है। प्रधानमंत्री ने तेजा सिंह समुद्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक की सेवा, जीवन को आसान बनाना और सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार 'नागरिक देवो भवः' के मंत्र पर कार्य कर रही है।
यह भी पढ़ें- PM Modi in Punjab LIVE: चंडीगढ़ के बाद जालंधर पहुंचे पीएम मोदी, 5470 करोड़ के रेल-सड़क परियोजनाओं का किया उद्घाटन

पगड़ी पहन जालंधर रेलवे स्टेशन पहुंचे प्रधानमंत्री।
युवाओं और खेल उद्योग पर भरोसा जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब पंजाब को विकास की नई गति देने के लिए भाजपा सरकार की आवश्यकता है। उन्होंने जालंधर से युवाओं का विशेष आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें पंजाब के नौजवानों की प्रतिभा और खेल भावना पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि जालंधर देश का प्रमुख खेल उद्योग केंद्र है और नई अर्थव्यवस्था में खेल क्षेत्र की बड़ी भूमिका होगी। हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे के दौरान खेल क्षेत्र में पांच महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने और पंजाब को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हमेशा पंजाब के युवाओं के साथ खड़ी है।
कांग्रेस, किसानों और कर्मचारियों के मुद्दों पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने महिलाओं से किए वादे पूरे नहीं किए और अब तक उनके खातों में सहायता राशि नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने आंतरिक नेतृत्व विवाद में उलझी है और जनता के हितों पर ध्यान नहीं दे रही। अकाली दल की स्थिति पर भी उन्होंने टिप्पणी की। प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसानों और युवाओं में अपार क्षमता है, लेकिन उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए किसानों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरा।
खबरें और भी
लोगों तक नहीं पहुंच रहा केंद्रीय योजनाओं का लाभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंचने दे रही। उन्होंने कहा कि विकास के लिए भेजी गई राशि का सही उपयोग नहीं हुआ और राज्य कर्ज के सहारे चल रहा है। उनका आरोप था कि केंद्र की योजनाओं पर अपना नाम लगाकर प्रचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के विधायक भ्रष्टाचार के मामलों में घिर रहे हैं, स्वास्थ्य मंत्री तक जेल जा चुके हैं और वसूली उनकी राजनीति की पहचान बनती जा रही है।
कानून व्यवस्था और नशे पर सरकार को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पंजाब शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की वीरभूमि है, लेकिन आज यहां कानून-व्यवस्था गंभीर चुनौती का सामना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गैंगवार, फायरिंग और नशे की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यापार करना भी कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं और नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग बदलाव के दावे करते हैं, जबकि हाल ही में उनके एक नेता को अदालत ने दंगा मामले में दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसलों पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
भ्रष्टाचार, योजनाओं और चुनावी वादों पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के कई नेता भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हैं और केंद्र से मिले लाखों करोड़ रुपये का सही उपयोग नहीं हुआ। उनका आरोप था कि केंद्र की योजनाओं को राज्य सरकार अपने नाम से प्रचारित कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसानों और युवाओं में अपार क्षमता है, लेकिन उन्हें अपेक्षित अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और महिलाओं से किए गए वादों का भी उल्लेख करते हुए सरकार को घेरा।
रेलवे विकास, विरासत और पंजाब को मिला सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जालंधर कैंट केवल रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि शहर का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि रेलवे में जो विकास कार्य आज हो रहे हैं, वे वर्षों पहले हो जाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार नहीं है, फिर भी केंद्र सरकार राज्य के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ रही। जालंधर की खेल संस्कृति को स्टेशन की थीम में भी स्थान दिया गया है। उन्होंने आनंदपुर साहिब, गुरु रविदास जी, शहीद भगत सिंह और देश की गौरवशाली विरासत का भी उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें- 'हमारा चंडीगढ़'; PM मोदी ने दिखाया जुड़ाव, बोले-यह शहर देश के लिए डेवलपमेंट मॉडल, PGI में MBBS कॉलेज की मंजूरी

बल्लां डेरे के संत निरंजन दास से मुलाकात करते हुए पीएम मोदी।
5470 करोड़ के प्रोजेक्ट्स किए शुरू
प्रधानमंत्री के इस दौरे को विकास योजनाओं के साथ-साथ पंजाब की राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने कुछ मिनट डेरा बल्लां के प्रमुख निरंजन दास के साथ मुलाकात भी की है और उनसे मिलने आए स्टूडेंट्स के साथ बातचीत भी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर दौरे के दौरान पंजाब और देश को ₹5,470 करोड़ की रेल व सड़क परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने निम्नलिखित महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ किया:
- 75 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प: पीएम मोदी ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित देश भर के 75 पुनर्निर्मित रेलवे स्टेशनों का बटन दबाकर डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया।
- श्री संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी: अमृतसर से वाराणसी के बीच चलने वाली नई 'श्री संत रविदास एक्सप्रेस' ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
- दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे: चार लेन वाले नए दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के 30.9 किलोमीटर लंबे 'पैकेज-6' का वर्चुअल उद्घाटन किया।
- लुधियाना बाईपास की आधारशिला: यातायात को सुगम बनाने के लिए 25.2 किमीर लंबे, छह लेन वाले ग्रीनफील्ड दक्षिणी लुधियाना बाईपास की भी आधारशिला रखी।
पीएम मोदी के पंजाब दौरे की 10 प्रमुख बातें
सम्मान: पीएम मोदी ने पंजाबी में भाषण शुरू कर आदमपुर और मोहाली एयरपोर्ट का नाम महापुरुषों पर रखने का जिक्र किया।
₹5,470 करोड़ की सौगात: पंजाब के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई बड़ी रेल और सड़क परियोजनाओं की सौगात दी।
श्री संत रविदास एक्सप्रेस: अमृतसर से वाराणसी के बीच गुरु रविदास भक्तों की सुविधा के लिए नई ट्रेन को हरी झंडी दिखा रवाना किया।
शहीद को श्रद्धांजलि: देश सेवा में योगदान देने वाले पंजाब के वीर सपूत सरदार तेजा सिंह समुद्री को 100वें शहादत दिवस पर नमन किया।
स्टेशनों का आधुनिकीकरण: जालंधर कैंट सहित देश के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक 'सिटी सेंटर' बनाने की बात कही।
सांस्कृतिक विरासत थीम: जालंधर स्टेशन पर 'स्पोर्ट्स सिटी' और आनंदपुर साहिब में 'तख्त श्री केसगढ़ साहिब' की झलक दिखाने की घोषणा की।
कानून-व्यवस्था पर चिंता: पंजाब में बढ़ते नशे, गैंगवार और पुलिस थानों पर हमलों का हवाला देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
भ्रष्टाचार पर प्रहार: राज्य के सत्तापक्ष पर वसूली और घूसखोरी के आरोप लगाते हुए उनकी नीयत को 'कट्टर बेईमान' बताया।
हरियाणा से तुलना: हरियाणा में 24 फसलों पर MSP और कर्मचारियों को समय पर DA मिलने का हवाला देकर पंजाब सरकार को घेरा।
युवा और स्पोर्ट्स: 'खेलो इंडिया' नीति और न्यूजीलैंड के साथ हुए खेल समझौतों का जिक्र कर युवाओं को स्पोर्ट्स से जुड़ने का आह्वान किया।

जालंधर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रवाना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
हरी पगड़ी पहन किसानों से जुड़े मोदी
इस दौरान प्रधानमंत्री की हरे रंग की पगड़ी भी विशेष चर्चा का विषय रही। पंजाब में हरे रंग की पगड़ी को किसान परिवारों और कृषि परंपरा का प्रतीक माना जाता है। किसान नेता और विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी प्रायः हरे रंग की पगड़ी पहनते हैं, जो लहलहाती फसलों और समृद्ध कृषि संस्कृति का प्रतीक मानी जाती है। ऐसे में प्रधानमंत्री द्वारा हरे रंग की पगड़ी धारण करने को भी पंजाब के किसानों, कृषि परंपरा और राज्य के कृषि योगदान के प्रति सम्मान के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
पंजाब के बड़े नेता भी पहुंचे
स्टेज पर पंजाब प्रधान केवल सिंह ढिल्लों, तरुण चुघ, अश्वनी शर्मा, पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर, राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर और राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल, पूर्व प्रधान सुनील जाखड़, विजय सांपला और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया पहुंचे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब और गुरुओं के प्रति विशेष लगाव रहा है। आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखने, हलवारा एयरपोर्ट के लोकार्पण और चार रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन के साथ ही उन्होंने अमृतसर-वाराणसी ट्रेन का नाम भी 'श्री संत रविदास एक्सप्रेस' रखकर पंजाब को बड़ी सौगातें दी हैं।
मंच से हरभजन सिंह ने कहा कि हमें मिलकर पंजाब को आगे लेकर जाना है और पंजाब को नशा मुक्त करना है। पूर्व पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब पीएम मोदी की कर्म भूमी है। अपने जीवन के 6 साल उन्होंने यहां दिए हैं।