जालंधर में पल्स पोलियो अभियान, दूसरे दिन 72 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई खुराक
जालंधर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन 5.41 लाख से अधिक घरों को कवर करते हुए 72,198 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। ...और पढ़ें
-1782738281244_m.webp)
जालंधर में पल्स पोलियो अभियान। फोटो जागरण
HighLights
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का दूसरा दिन।
जालंधर में 72,198 बच्चों को पिलाई गई खुराक।
कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे।
जागरण संवाददाता,जालंधर। तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
सिविल सर्जन डा. राजेश गर्ग ने बताया कि दूसरे दिन जिले भर में कुल 5,41,258 घरों को कवर करते हुए जन्म से 5 वर्ष तक की आयु के 72,198 बच्चों को पोलियो रोधक बूंदें पिलाई गईं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जन्म से 5 साल तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पंजाब की ओर से डा. संदीप राय ने विशेष रूप से जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और पोलियो खुराक पिलाने वाली टीमों के कामकाज का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला टीकाकरण अधिकारी डा. सिमरनजीत कौर और डा. देव भी मौजूद थे।
डा. संदीप राय ने टीमों को हिदायत दी कि कोई भी बच्चा पोलियो की बूंद पीने से छूटना नहीं चाहिए। भले ही बच्चा बीमार क्यों न हो, उसे भी पोलियो की खुराक जरूर पिलाई जाए।
डॉ. राजेश गर्ग ने जानकारी दी कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को बचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। पहले दो दिनों में किसी कारणवश खुराक से वंचित रह गए बच्चों को अभियान के तीसरे दिन मंगलवार को भी टीमें घर-घर जाकर पोलियो की बूंदें पिलाएंगी।