संजीव अरोड़ा गिरफ्तारी पर जालंधर में आप का प्रदर्शन, शास्त्री चौक पर भाजपा और ईडी के खिलाफ नारेबाजी
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के विरोध में जालंधर के शास्त्री चौक पर आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन ...और पढ़ें

जालंधर में ईडी रेड व भाजपा के खिलाफ आम आदमी पार्टी के नेता प्रदर्शन करते हुए।
HighLights
आप ने संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी का विरोध किया।
भाजपा और ईडी पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप।
जालंधर के शास्त्री चौक पर हुआ जोरदार प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की गई गिरफ्तारी के विरोध में रविवार सुबह जालंधर में आम आदमी पार्टी ने भाजपा और ईडी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के शास्त्री चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गौरतलब है कि शास्त्री चौक से कुछ दूरी पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व स्थानीय निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया का सेंट्रल टाउन स्थित निवास स्थान भी है। इसी कारण प्रदर्शन को राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान एवं जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, नकोदर की विधायक इंदरजीत कौर मान, करतारपुर के विधायक बलकार सिंह, मेयर वनीत धीर, सेंट्रल हलका के इंचार्ज नितिन कोहली, कैंट हलका की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा, पंजाब सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल, मुस्लिम वेलफेयर एंड डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन अब्दुल बारी सलमानी, पार्षद दीपक शारदा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में किसान के घर में घुसकर फायरिंग, परिजनों को बुरी तरह पीटा; CCTV खंगाले में जुटी पुलिस

जालंधर में ईडी रेड व भाजपा के खिलाफ आम आदमी पार्टी के नेता प्रदर्शन करते हुए।
आप नेताओं ने भाजपा पर लगाए आरोप
आप नेताओं ने कहा कि भाजपा और ईडी एक ही रूप में काम कर रहे हैं और विपक्षी नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबराई हुई है और इसी कारण केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने भाजपा के उस नारे पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा जा रहा है कि बंगाल जीतने के बाद अब पंजाब की बारी है। आप नेताओं ने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि पंजाब की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और यहां दबाव की राजनीति नहीं चलने दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनावों का रास्ता साफ, बठिंडा की वार्डों में मतदान की तैयारी तेज; राजनीतिक हलचल शुरू
कार्रवाई जारी रही तो आंदोलन करेगी आप
विधायक इंदरजीत कौर मान और विधायक बलकार सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता पार्टी नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई कर लोगों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पार्टी इससे डरने वाली नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शास्त्री चौक और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन नेताओं ने साफ किया कि यदि इसी तरह कार्रवाई जारी रही तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।