Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिलिंडर की कीमत चार गुना... पंजाब में लाइन में खड़े बुजुर्ग की मौत, जालंधर में रोजाना हो रहीं 50000 बुकिंग

    Updated: Fri, 13 Mar 2026 08:08 PM (IST)

    पंजाब में गैस सिलिंडर की भारी किल्लत है, जिससे अफरा-तफरी मची है। बरनाला में सिलिंडर लेने कतार में खड़े एक बुजुर्ग की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. बरनाला में गैस सिलिंडर कतार में बुजुर्ग की मौत

    2. जालंधर में 50 हजार बुकिंग, आपूर्ति में 6 दिन देरी

    3. वाणिज्यिक गैस की कमी, कालाबाजारी पर हेल्पलाइन जारी

    जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब में इस दौरान सिलिंडर बुकिंग को लेकर अफरा-तफरी मच रही है।  बरनाला जिले के गांव शैहणा में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई। गैस सिलिंडर लेने के लिए कतार में खड़े 66 वर्षीय व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और इलाके में शोक का माहौल बन गया।

    वहीं, सिलिंडर की डिमांड इतनी ज्यादा है कि जालंधर में सप्ताह भर के बीच ही रसोई गैस सिलिंडर की बुकिंग में चार गुना से अधिक का इजाफा हो चुका है। सामान्य दिनों में जहां रोजाना 12 हजार के करीब रसोई गैस सिलिंडर की बुकिंग होती थी, वहीं इन दिनों जिले की 75 गैस एजेंसियों पर पचास हजार से अधिक की बुकिंग की जा रही है।

    जबकि, सामान्य दिनों के मुताबिक रोजाना 12 हजार के करीब ही गैस सिलिंडरों की आपूर्ति भी हो रही है। चंडीगढ़ में  रसोई गैस की मारामारी के चलते रेस्टोरेंट और होटलों के पास दो दिनों का ही गैस स्टाक बचा है। ऐसे में रेस्टोरेंट के मेन्यू शॉर्ट हो गए हैं।

    48 घंटे में हो रही सप्लाई

    बुकिंग व सप्लाई के बीच भारी अंतर के कारण ही लोगों तक सिलिंडर की सप्लाई देने में दिक्कत पेश आ रही है। स्थिति यह है कि सामान्य दिनों में 24 से लेकर 48 घंटे के बीच गैस सिलिंडर की सप्लाई जारी की जाती थी, वहीं अब छह दिनों के बाद सप्लाई दी जा रही है।

    खबरें और भी

    इस बारे में जिला खाद्य व आपूर्ति अधिकारी नरिंदर सिंह बताते है कि सप्लाई सामान्य हो रही है, लेकिन 75 गैस एजेंसियों पर बुकिंग अधिक होने के कारण ही हालात बने है। जबकि ऐसी स्थिति में उपभोक्ता को केवल जरूरत के मुताबिक ही बुकिंग करवानी चाहिए। जिससे जरूरतमंद तक समय पर गैस की सप्लाई की जा सके।

    कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई को लेकर जारी नहीं हुआ आदेश

    फिलहाल जिला प्रशासन ने गैस एजेंसी संचालकों को रिजर्व स्टाक रखने के निर्देश नहीं दिए है। कारण स्टाक केवल बाढ़ के दिनों या फिर भारत-पाक के बीच युद्ध के दौरान ही दिए गए थे। इस समय पूरा फोकस स्टाक नहीं बल्कि लोगों की मांग समय पर पूरी करने के लिए सप्लाई पर है।

    वहीं, सुच्ची पिंड स्थित इंडेन के गोदाम से तीसरे दिन गैस सिलिंडरों की सप्लाई शुरू कर दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि इससे सिलिंडर की आपूर्ति जल्द सुचारू हो पाएगी। हालांकि, कमर्शियल गैस की सप्लाई को लेकर कोई आदेश जारी ना होने के कारण गैस का कमर्शियल इस्तेमाल करने वालों को जरूर परेशानी झेलनी पड़ रही है।

    जालंधर में सिलिंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें

    उधर, वीरवार के बाद शुक्रवार को भी शहर की गैस एजेंसियों पर लोग नीली कापी (उपभोक्ता बुक) लेकर गैस की बुकिंग करवाने पहुंचे। एजेंसियों पर पहुंच रहे लोगों को आरोप था कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है, जिस कारण उन्हें एजेंसी पर आना पड़ रहा है। इस दौरान जिस उपभोक्ता को सिलिंडर की डिलिवरी के 25 दिन पूरे हो चुके थे, उनकी बुकिंग कर ली गई। जबकि, जिनके अभी 25 दिन नहीं हुए थे, उन्हें वापिस लौटाया जाता रहा।

    गैस एजेंसियों पर लोगों की आमद बढ़ने व गैस की सप्लाई को लेकर पूछताछ करने के चलते संचालकों ने एजेंसियों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर दिया है। गुरु नानक मिशन चौक के नजदीक गैस एजेंसी पर शुक्रवार को तीन स्टाफ केवल लोगों की दिक्कतें सुनने के लिए तैनात किया गया।

    एजेंसी संचालक ललतेश भसीन ने कहा कि एजेंसी पर रोजाना लोग बुकिंग को लेकर आ रहे है। जिसके चलते स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की गई है। हालांकि, फिल्लौर में शुक्रवार को भी गैस एजेंसियों पर लोगों की कतारें देखी गई।

    वीरवार रात तक खरीदा दो सौ रुपये प्रति किलो, शुक्रवार को वह भी नहीं मिला

    भगवान वाल्मीकि चौक रोड पर कुलचे व बर्गर की रेहड़ी लगाने वाले विशाल ने कहा कि सामान्य दिनों में वह पांच किलो का गैस सिलिंडर 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीद रहा था। लेकिन कमर्शियल गैस की किल्लत के बाद वीरवार रात तक दो सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से गैस की खरीद की थी।

    वहीं शुक्रवार को सुबह दो सौ रुपये के हिसाब से भी नहीं मिल रही। जिसके चलते ग्राहक के आने पर ही सामान गर्म करके बेच रहे है। अगर शुक्रवार रात को गैस ना मिली तो शनिवार को मजबूरन रेहड़ी बंद करनी पड़ेगी। हालांकि, शुक्रवार को लाडोवाली रोड पर अभी कई रेहड़ियों पर रसोई गैस सिलिंडर का कमर्शियल इस्तेमाल किया जा रहा है।

    खाद्य व आपूर्ति विभाग ने गठित की टीम

    रसोई गैस सिलिंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए जिला खाद्य व आपूर्ति विभाग ने टीम का गठन किया है। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला खाद्य व आपूर्ति विभाग के जिला अधिकारी नरिंदर सिंह ने कहा कि यह टीम किसी भी तरह की ओवरचार्जिंग या फिर कालाबाजारी की जांच करेगी।

    इसकी रिपोर्ट तैयार करके जिला प्रशासन को दी जाएगी। जिसके बाद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई का प्रक्रिया की जाएगी। इसके साथ ही जिला प्रशासन का हेल्पलाइन नंबर 01812224417 तथा किसी भी तरह की शिकायत देने के लिए कंपनियों का ऑनलाइन व्हाट्सअप हेल्पलाइन नंबर 7718955555 जारी किया गया है।

    कमर्शियल सिलिंडर को लेकर अभी भी जारी नहीं किए निर्देश

    कमर्शियल गैस सिलिंडर को लेकर लगाई गई रोक के सात दिन बीत जाने के बाद भी शुक्रवार तक कोई आगामी निर्देश जारी नहीं किए गए है। जिसके चलते कमर्शियल गैस का इस्तेमाल करने वाले घरानों के लिए दिक्कतें बढ़ती जा रही है। खासकर होटल इंडस्ट्री व रेस्टोरेंट व कैटरिंग करने वालों के लिए परेशानी बढ़ती जा रही है।

    कमर्शियल गैस की सप्लाई को सुनिश्चित करे सरकार

    इस बारे में उद्योगपति सुदीप जैन ने कहा कि सरकार को कमर्शियल गैस की सप्लाई को लेकर भी जल्द से जल्द निर्देश जारी करने चाहिए। जिससे कमर्शियल गैस पर निर्भर घरानों को राहत दी जा सके।

    इसी तरह उद्योगपति आशीष जैन ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई शुरू ना होने के कारण फर्नेस व होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को महंगे वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। ऐसे में घरेलू गैस सिलिंडर की तरह कमर्शियल को लेकर भी नियम निर्धारित कर सप्लाई बहाल करनी चाहिए।

    यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की पहली खेप पहुंची, अस्पताल और छात्रावास को मिली राहत