विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पंजाब में कहर बरपाने लगी गर्मी, पारा पहुंचा 44 पार

By Kamlesh BhattEdited By:
Updated: Sun, 16 Apr 2017 07:00 PM (IST)

पंजाब में गर्मी अपना तेवर दिखाने लगी है। अबोहर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तेज गर्मी के कारण दिन के समय सड़कें सुनसान दिखने लगी हैं। लोग घरों में दुबक गए हैं।

पंजाब में कहर बरपाने लगी गर्मी, पारा पहुंचा 44 पार
पंजाब में कहर बरपाने लगी गर्मी, पारा पहुंचा 44 पार

जेएनएन, जालंधर। पंजाब में गर्मी ने कहर ढाना शुरू कर दिया है। अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी पडऩे लगी है। रविवार इस मौसम का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। अबोहर में पारा 44 डिग्री तक जा पहुंचा, जबकि बठिंडा व फिरोजपुर में 43 डिग्री और जालंधर में 41 डिग्री तापमान रहा। एक सप्ताह में करीब दस डिग्री तापमान बढ़ा है।

ज्यादातर शहरों में सुबह 11 बजे से ही लू का प्रकोप शुरू हो गया और दोपहर होते होते स्थिति असहनीय होने लगी।  सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजार भी सुनसान नजर आए। पार्क भी सूने रहे। गर्म हवाओं की गति चार किलोमीटर प्रति घंटा होने की वजह से गर्मी के कड़े तेवर शाम 6 बजे सूरज ढलने के बाद थोड़े नरम पड़े।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार आगामी दिनों में तापमान और अधिक बढ़ने की संभावना है। बठिंडा में मौसम विभाग कार्यालय के प्रभारी डॉ. राजकुमार पाल ने बताया कि पश्चिमी हवाएं रेगिस्तानी इलाकों से गुजर कर आती हैं। इससे वातावरण में शुष्कपन बढ़ने से तापमान बढ़ रहा है। एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है।

यह भी पढ़ें: और तेज हुआ हरियाणा में गर्मी का कहर, तापमान 45 के करीब पहुंचा