जालंधर में खाना डिलीवर करने वाले युवक पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने दातर से हमला कर तोड़ी सिर की हड्डी; हालत गंभीर
जालंधर में डिलीवरी देने जा रहे जेप्टो राइडर विनय सेठ पर कार सवार युवकों ने जानलेवा हमला किया, जिससे उसके सिर की हड्डी टूट गई और वह गंभीर हालत में अस्प ...और पढ़ें

HighLights
जेप्टो राइडर विनय सेठ पर जालंधर में जानलेवा हमला
बाइक-कार टक्कर के बाद दातर से सिर पर वार
हमले में सिर की हड्डी टूटी, युवक की हालत गंभीर
जागरण संवाददाता, जालंधर। गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू स्थित राम मंदिर के पास वीरवार देर शाम करीब सात बजे बाइक से कार में टक्कर के बाद एक जेप्टो राइडर पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले उसकी बाइक को अपनी कार से टक्कर मारकर गिराया और फिर उस पर दातर से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक के सिर की हड्डी टूट गई। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल विनय सेठ गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू के पास रहता है।
जानकारी के मुताबिक विनय अपनी बाइक पर डिलीवरी देने के लिए गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू के राम मंदिर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक एक कार से टकरा गई। इसके बाद कार सवार युवकों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जैसे ही वह सड़क पर गिरा, तीन-चार आरोपित कार से बाहर निकले और उस पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने विनय को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
उन्होंने उसके सिर पर दातर से कई वार किए, जिससे उसकी खोपड़ी में गंभीर चोट आई। अत्यधिक खून बहने के कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। लोगों की मदद से घायल विनय को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंचे।
उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना रामामंडी की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।