रंधावा सुसाइड केस में सिर्फ इस्तीफे से संतुष्ट नहीं कांग्रेस, विधायक बलविंदर धालीवाल ने की केंद्रीय एजेंसियों से जांच की मांग
कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने रंधावा आत्महत्या मामले में परिवहन मंत्री के इस्तीफे को अपर्याप्त बताया है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष ...और पढ़ें

विधायक धालीवाल ने कहा कि मंत्री भुल्लर से इस्तीफा लेना पर्याप्त नहीं (फोटो: जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा। कांग्रेस के विधायक रिटायर्ड आइएएस बलविंदर सिंह धालीवाल ने परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफे के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केवल इस्तीफा लेना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच केंद्रीय एजेंसियों से करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
धालीवाल ने कहा कि अमृतसर में वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या का मामला बेहद गंभीर है और इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार का प्रशासनिक या राजनीतिक दबाव सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों पर बढ़ते दबाव और भय का माहौल चिंता का विषय है। सरकारी अधिकारी स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से काम नहीं कर पा रहे जो शासन व्यवस्था के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने भगवंत मान की सरकार से अपील करते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में बचाव की मुद्रा अपनाने के बजाय जांच में पूरा सहयोग करना चाहिए और जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब पहले ही नशे और गैग्सटर जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।
ऐसे में प्रशासनिक अस्थिरता और कानून व्यवस्था की कमजोरी राज्य के लिए और भी चिंताजनक है। धालीवाल ने मांग की कि सरकार इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और सख्त कदम उठाए, ताकि जनता का भरोसा बहाल हो सके और प्रशासनिक तंत्र मजबूत बने।