BJP अकेले लड़ेगी पंजाब विधानसभा 2027 का चुनाव, नायब सैनी का बड़ा एलान
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कपूरथला में कहा कि भाजपा 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। ...और पढ़ें
-1780287238129_m.webp)
हरियाणा के सीएम का 'मिशन पंजाब' (फोटो: जागरण)
संवाद सहयोगी, कपूरथला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कपूरथला स्थित माता भद्रकाली मंदिर में नतमस्तक हुए। उन्होंने पंजाब की राजनीति, विकास, कानून व्यवस्था और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आगामी दिनों में पंजाब में भी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक असर देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वह पहले 13 मई को कपूरथला आने वाले थे, लेकिन चुनावी कार्यक्रमों के चलते उनका दौरा टल गया। उन्होंने कहा कि आज माता भद्रकाली मंदिर में माथा टेककर उन्हें विशेष आध्यात्मिक संतोष मिला है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है।
क्या आरोप लगाया?
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ने पंजाब को कमजोर करने का काम किया है। दोनों दलों की राजनीति केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रह गई है, जबकि भाजपा विकास और सुशासन की राजनीति में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि आज पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। नशा, अपराध और गुंडागर्दी लगातार बढ़ रही है। उद्योगपति पंजाब छोड़कर दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। यह स्थिति बेहद चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भाजपा अकेले दम पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी और मजबूत सरकार बनाएगी।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार संगठन को मजबूत कर रही है और गांव-गांव तक कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। पंजाब भाजपा प्रधान केवल सिंह ढिल्लों के बारे में पूछे गए सवाल पर नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों एक मेहनती और अनुभवी नेता हैं, जो पंजाब में भाजपा संगठन को और मजबूत करेंगे।
पंजाब को मजबूत नेतृत्व और नीतियों की जरूरत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल भाषणों और मंचीय प्रस्तुतियों से विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ताली बजने से पंजाब आगे नहीं बढ़ेगा। प्रदेश को मजबूत नेतृत्व और ठोस नीतियों की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार की योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया है। हरियाणा में लाखों गरीब परिवारों को मकान उपलब्ध करवाए गए हैं और जिन लोगों के पास जमीन नहीं थी, उन्हें भी जमीन उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है।
विकास की राजनीति को समर्थन दे रही जनता
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा दोनों भाईचारे वाले राज्य हैं और भाजपा चाहती है कि पंजाब भी विकास और निवेश के क्षेत्र में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और पंजाब की जनता भी अब विकास आधारित राजनीति को समर्थन देने लगी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भाजपा एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी और प्रदेश में विकास, रोजगार तथा बेहतर कानून व्यवस्था का नया दौर शुरू होगा। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश, जिला भाजपा अध्यक्ष रणजीत सिंह खोजेवाल, भाजपा नेता पुरुषोत्तम पासी, भाजपा नेता चेतन सूरी एवं अन्य मौजूद थे।