पंजाब: सुल्तानपुर लोधी में अवैध खनन विवाद, दो गुटों में झड़प; 6 लोग घायल
सुल्तानपुर लोधी के सरदुल्लापुर गांव में पंचायती जमीन पर अवैध खनन को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल ...और पढ़ें
-1773651486265_m.webp)
अवैध खनन लेकर हुए विवाद में दो गुट भिड़े, छह घायल।
HighLights
अवैध खनन को लेकर दो गुटों में हुई मारपीट
मारपीट में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए
पुलिस मामले की जांच कर रही, इलाके में तनाव
संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी। मंड क्षेत्र में गांव सरदुल्लापुर के पास स्थित पंचायती जमीन से मिट्टी निकालने के मामले में दो गुटों के बीच हुई मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान सलविंदर सिंह, मलकीत सिंह और संदीप सिंह, जसपाल सिंह, अर्शदीप सिंह और सरबजीत कौर निवासी गांव सरदुल्लापुर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में उपचाराधीन पहले पक्ष के घायल सलविंदर सिंह, मलकीत सिंह और संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि पंचायती जमीन पर हो रहे अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने और इस बारे में बीडीपीओ सुल्तानपुर लोधी को बीते पांच मार्च को लिखित शिकायत देने के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।
अवैध खनन से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद बीते शनिवार को सात से आठ लोग उनके घर आए और उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया जिसमें वह घायल हो गए। उनका कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने के चलते उनपर हमला किया गया है। इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उधर, दूसरे पक्ष पक्ष के घायल जसपाल सिंह, अर्शदीप सिंह और सरबजीत कौर का आरोप है कि बीते शनिवार को सात लोग उनके घर आए और उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गए। उन्होंने अपने उपर लगे अवैध खनन के आरोपों को नकारते हुए कहा कि आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद है।
खबरें और भी
उल्लेखनीय है इससे पहले मंड इलाके के गांव सरदुल्लापुर के पास पंचायत की शामलात जमीन से मिट्टी निकाले जाने के आरोपों से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था जिसके बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई थी। इस संबंध में बीडीपीओ को लिखित शिकायत भी दी गई थी और प्रशासन ने कहा था कि मामले की जांच की जाएगी। उधर, झड़प के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करके सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले की जांच के बाद होगी कार्रवाई: एएसपी
इस संबंध में डीएसपी सुल्तानपुर लोधी (एएसपी) धीरेंद्र वर्मा से ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और घायलों के बयानों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।