Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कपूरथला निगम कार्यालय में नामांकन आपत्ति को लेकर हंगामा, AAP- अकाली दल और कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े

    Updated: Mon, 18 May 2026 10:02 PM (IST)

    कपूरथला नगर निगम कार्यालय में स्थानीय निकाय चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच के दौरान आप, शिअद और कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। ...और पढ़ें

    शिअद, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

    शिअद, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

    HighLights

    1. कपूरथला निगम कार्यालय में नामांकन जांच पर हंगामा

    2. आप, शिअद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प

    3. पुलिस ने हस्तक्षेप कर दो घंटे बाद स्थिति संभाली

    जागरण संवाददाता, कपूरथला। सोमवार को स्थानीय निकाय चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के दौरान सोमवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब नगर निगम कार्यालय में ऑब्जेक्शन (आपत्तियों) को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

    देखते ही देखते नगर निगम दफ्तर राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया। दोनों ओर से जमकर अभद्र शब्दावली का प्रयोग किया गया सैकड़ों की तादाद में समर्थक वहां जमा हो गए। करीब दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और धक्का-मुक्की के बाद भारी पुलिस बल ने स्थिति पर बमुश्किल काबू पाया।

    ऐसे शुरू हुआ विवाद

    शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार कोमल सहोता उर्फ गागा अपने नामांकन पर लगे आब्जेक्शन के सिलसिले में नगर निगम के प्रापर्टी टैक्स शाखा में इंस्पेक्टर भजन सिंह के पास बैठे थे।

    इसी दौरान आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज कर्मवीर सिंह चंदी अपने समर्थकों ट्रेडर्स बोर्ड के चेयरमैन कंवर इकबाल, आर्किटेक्ट परमिंदर सिंह ढोट और हलका कोआर्डिनेटर पवन के साथ वहां पहुंच गए। आप नेताओं ने शिअद उम्मीदवार के वहां बैठने पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।

    बहस की सूचना मिलते ही अकाली दल के हलका इंचार्ज एचएस वालिया और कांग्रेस के विधायक राणा गुरजीत सिंह अपने-अपने वर्करों के साथ मौके पर पहुंच गए।

    दूसरी ओर से आम आदमी पार्टी के भी तमाम पार्षद और समर्थक वहां जुटने लगे। दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ जमकर गलत शब्दावली और नारेबाजी का दौर शुरू हो गया। कई बार पुलिस और वर्करों के बीच तथा विभिन्न पार्टियों के वर्करों की आपस में सीधे धक्का-मुक्की हुई।

    खबरें और भी

    पुलिस की सूझबूझ से सुलझा विवाद

    डीएसपी सब-डिवीजन डा. शीतल सिंह, डीएसपी आरएस रंधवा, थाना सिटी प्रभारी अमनदीप नाहर और एसएचओ सदर भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

    करीब दो घंटे तक पूरा निगम परिसर छावनी बना रहा। डीएसपी डा. शीतल सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत करवाया।

    कपूरथला में बदमाशी चलने नहीं दी जाएगी: राणा गुरजीत सिंह

    कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि कपूरथला के चुनावी इतिहास में आज तक ऐसी भद्दी शब्दावली और धक्केशाही देखने को नहीं मिली। जिस पार्टी को उम्मीदवार नहीं मिल रहे वह जानबूझकर दूसरों के पेपर कैंसिल करवाने के लिए आब्जेक्शन लगवा रहे हैं। शहर का माहौल खराब करने वाली इस बदमाशी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    यह सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है: एचएस वालिया

    शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज एचएस वालिया ने कहा कि उनका उम्मीदवार कोमल सहोता सिर्फ अपने ऊपर लगे आब्जेक्शन की जानकारी लेने गया था। वहां कांग्रेस के प्रत्याशी भी मौजूद थे।

    लेकिन 'आप' नेता कर्मबीर चंदी ने अंदर आते ही गुंडागर्दी शुरू कर दी और हमारे उम्मीदवार को बाहर निकलने की धमकियां दीं। सत्ता के नशे में चूर यह सरकार लोकतंत्र का हनन कर रही है।

    माहौल बिगाड़ रहे विरोधी पार्टी के नेता: कर्मबीर सिंह चंदी

    कपूरथला के आप हलका इंचार्ज कर्मबीर सिंह चंदी ने कहा कि कपूरथला की जनता भली-भांति जानती है कि पिछले 25 सालों से यहां कौन गुंडागर्दी करता आ रहा है। आम आदमी पार्टी के आते ही इन लोगों की गुंडागर्दी पर लगाम लग गई है।

    ये लोग कई सीटों से बुरी तरह हार रहे हैं इसी बौखलाहट में ये जानबूझकर चुनावों का शांतिपूर्ण माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।