विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संगरूर में युवक पर यातना मामले में बड़ी कार्रवाई, DSP का तबादला; दो SHO और ASI लाइन हाजिर

Published: Sun, 06 Sep 2026 05:11 AM (IST)

मोहनजीत सिंह पर कथित पुलिस अत्याचार के मामले में पंजाब सरकार ने सुनाम के डीएसपी हरविंदर सिंह खैहरा का तबादला ...और पढ़ें

संगरूर में युवक पर यातना मामला। फोटो जागरण

संगरूर में युवक पर यातना मामला। फोटो जागरण

HighLights

  1. डीएसपी हरविंदर सिंह खैहरा का संगरूर से पटियाला तबादला।

  2. दो एसएचओ और एक एएसआई पुलिस लाइन भेजे गए।

  3. मोहनजीत इंसाफ संघर्ष कमेटी ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया।

जागरण संवाददाता, संगरूर। नजदीकी गांव शेरों के मोहनजीत सिंह से कथित पुलिस अत्याचार के मामले में पंजाब सरकार के गृह विभाग के आदेशों पर पुलिस प्रशासन ने सुनाम के डीएसपी हरविंदर सिंह खैहरा समेत थाना सिटी सुनाम, थाना चीमा समेत एक एएसआई का तुरंत तबादला कर दिया गया।

डीएसपी सब-डिवीजन सुनाम हरविंदर सिंह खैहरा को संगरूर के पद से स्थानांतरित कर डीएसपी प्रथम सीडीओ बटालियन बहादुरगढ़ जिला पटियाला के पद पर तैनात किया गया है। वहीं एसएसपी संगरूर ने थाना सिटी सुनाम के एसएचओ इंस्पेक्टर प्रतीक जिंदल, थाना चीमा के एसएचओ बलजीत सिंह, थाना सिटी सुनाम में तैनात एएसआई हरप्रीत सिंह को पुलिस लाइन संगरूर लाइन हाजिर के आदेश जारी किए।

उधर, पीड़ित मोहनजीत सिंह को इंसाफ की खातिर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा 21 सदस्यीय मोहनजीत इंसाफ संघर्ष कमेटी का गठन किया गया है। संघर्ष कमेटी द्वारा डीएसपी समेत दोनों एसएचओ व जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग करते हुए 6 सितंबर रविवार को एसएसपी दफ्तर संगरूर के समक्ष विशाल रोष प्रदर्शन करने का एलान किया। शनिवार को भी मोहनजीत सिंह से राजनीतिक, सामाजिक व सिख संगठनों के कार्यकर्ताओं के मुलाकात करने का दौर जारी रहा।

मानवाधिकार आयोग को भेजी शिकायतें

भाजपा नेता दामन बाजवा ने कहा कि गांव शेरों में मोहनजीत सिंह के साथ हुए कथित पुलिस अत्याचार के मामले संबंधी लिखित शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को भेजी गई हैं। उसके साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित अत्याचार तक, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए व जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। दामन बाजवा ने कहा कि मोहनजीत सिंह शेरों को इंसाफ मिलने तक अंत तक लड़ेंगे।

शिअद लीगल सैल मोहनजीत सिंह के साथ: कलेर

शिरोमणि अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता व लीगल सैल पंजाब के प्रधान अर्शदीप सिंह कलेर ने सिविल अस्पताल संगरूर में पीड़ित मोहनजीत सिंह से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत दौरान कहा कि उन्होंने पीड़ित मोहनजीत सिंह व उनके परिवार से मुलाकात की है।

उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि शिअद (ब) व लीगल सैल पंजाब जिला स्तर से लेकर माननीय पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में मोहनजीत सिंह के हक में कानूनी लड़ाई रहेगी। परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।

मोहनजीत सिंह पर पुलिस द्वारा किया गया कथित अमानवीय अत्याचार ने जनरल ओडवायर के समय की याद को ताजा कर दिया है। पिछले 75 वर्षों के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार में यह बदलाव देखने को मिला है कि एक नौजवान को मुख्यमंत्री के समक्ष महज काला झंडा लहराने पर इस प्रकार टार्चर किया गया है।