कपूरथला में पुलिस चौकी से 100 मी दूर चलीं गोलियां, आढ़ती की दुकान पर बैठे युवक को बनाया निशाना; गंभीर घायल
सुल्तानपुर लोधी की अनाज मंडी में देर रात आढ़ती की दुकान पर बैठे युवक पर फायरिंग कर दी गई। गंभीर घायल युवक को हायर सेंटर भेजा गया। पुलिस ने तीन खोखे बर ...और पढ़ें

ये AI जनरेटे इमेज है।
HighLights
अनाज मंडी में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग।
पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर युवक को निशाना बनाया।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी की अनाज मंडी में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। बेखौफ हमलावरों ने आढ़ती की दुकान पर बैठे एक युवक को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं। वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय सनी, पुत्र सुभाष, निवासी मौजू खेड़ा, जिला सिरसा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात युवक आढ़ती की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिससे मंडी में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- पंजाब के किसानों का चंडीगढ़ कूच, सड़कों पर जाम, लोग परेशान; व्यवस्था संभालने में पुलिस के छूटे पसीने
लोगों ने घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल
गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
सिविल अस्पताल की चिकित्सक डॉ. अर्पण कौर ने बताया कि युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति चिंताजनक होने के कारण उसे तुरंत रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब पहुंची सुप्रिया श्रीनेत, कहा- 2027 का चुनाव गुरु नानक देव जी के वचन व श्री राम के नाम पर लड़ेगी कांग्रेस
पुलिस ने तीन खोल किए बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस चौकी के प्रभारी जसजीत सिंह ने बताया कि मौके से तीन खाली खोखे बरामद किए गए हैं। फायरिंग किस कारण हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
खबरें और भी
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।