लुधियाना में 9 वर्षीय मासूम की गला रेतकर हत्या, पोस्टमार्टम में नहीं हुई यौन शोषण की पुष्टि
लुधियाना के कासाबाद गांव में नौ वर्षीय अमन की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के गले पर धारदार हथियार से गहरा ...और पढ़ें
-1770611263242_m.webp)
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, सांस की नली कटने से मौत, यौन शोषण के नहीं मिले संकेत। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अमन की मौत गले पर धारदार हथियार से हुई चोट से
पोस्टमार्टम में यौन शोषण के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की तलाश में जुटी
जागरण संवाददाता, लुधियाना। गांव कासाबाद में लापता नौ वर्षीय मासूम अमन की निर्मम हत्या के मामले में रविवार को सिविल अस्पताल में तीन सदस्यीय डॉक्टरों के बोर्ड ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के साथ यौन शोषण के कोई स्पष्ट या दृश्य संकेत नहीं मिले हैं।
हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए स्वैब को जांच के लिए भेजा गया है। इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसमें एक शख्स कैद हुआ है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। डॉक्टरों के बोर्ड में डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. पवन और डॉ. अभयदीप शामिल थे। सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान अमन के शरीर पर केवल एक ही गंभीर चोट पाई गई।
किसी धारदार हथियार से उसका गला काटा गया था। चोट इतनी गहरी थी कि सांस लेने वाली नस पूरी तरह कट गई, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। शरीर पर संघर्ष या हाथापाई के कोई निशान नहीं मिले हैं।
प्रारंभ में पुलिस को आशंका थी कि हत्या से पहले बच्चे के साथ यौन शोषण किया गया है, लेकिन पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। अब पुलिस मामले में परिजनों से जुड़ी किसी व्यक्तिगत रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। इसलिए यह पता किया जा रहा है कि परिवार का पहले किसी से कोई विवाद या रंजिश तो नहीं चल रही।
खबरें और भी
सीसीटीवी में व्यक्ति के पीछे झाड़ियों में जाता दिखा बच्चा
एडीसीपी-1 समीर वर्मा ने कहा कि पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें बच्चा एक व्यक्ति के पीछे झाड़ियों की ओर जाता नजर आ रहा है। वहीं से बाद में उसका शव बरामद हुआ। हालांकि, फुटेज इतनी स्पष्ट नहीं है कि उस व्यक्ति की पहचान की जा सके।
अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली जांच करने की बात कही। है। फिलहाल इस मामले में हत्या की धारा को जोड़ दिया गया है।
घर के बाहर खेलते समय हुआ था लापता
अमन गत वीरवार दोपहर अपने घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। अगले दो दिन तक परिजन अलग-अलग पुलिस थानों के चक्कर काटते रहे, क्योंकि घटना का इलाका स्पष्ट नहीं हो पा रहा था।
शनिवार को परिजनों ने सलेम टाबरी थाने और जालंधर बाइपास चौक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद अमन का शव उसके घर से करीब झाड़ियों में मिला।