2027 में दोबारा बनेगी आप सरकार, लुधियाना में स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा दावा, बोले- 'काम के दम पर जनता खुश'
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने ऐतिहासिक कार्यों के दम पर दोबारा सरकार बनाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि पंजाब में काम के दम पर दोबारा आप सरकार बनेगी।
HighLights
आप सरकार 2027 में अपने कार्यों के आधार पर फिर से सरकार बनाएगी
स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर ठोस एजेंडा न होने का आरोप लगाया
स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली योजनाओं से जनता को सीधा लाभ मिल रहा है
जागरण संवाददाता, लुधियाना। स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह ने रविवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, किसान और महिलाओं के कल्याण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों के दम पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में दोबारा सरकार बनाएगी।
लुधियाना के एमबीडी माल में आयोजित 'जागरण फिल्म फेस्टिवल' में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते कहा कि विपक्षी दलों के पास पंजाब के मुद्दों पर कोई ठोस एजेंडा नहीं है; जहां कांग्रेस अंदरूनी फूट से जूझ रही है, वहीं भाजपा का राज्य में जनाधार नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री ने गिनाईं स्वास्थ्य योजना की उपलब्धियां
डा. बलबीर सिंह ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि इसके तहत गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। राज्य में अब दुर्लभ बीमारियों के इलाज और ट्रांसप्लांट की सुविधाएं बढ़ी हैं। आम आदमी क्लीनिक, यूनिवर्सल हेल्थ केयर और मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं के साथ सरकारी अस्पतालों को मजबूत किया गया है।
नशे के मुद्दे पर भाजपा की 'डबल इंजन' नीति को घेराट
भाजपा के 'डबल इंजन सरकार' के दावे पर पलटवार करते हुए मंत्री ने सवाल उठाया कि पंजाब में नशा दूसरे राज्यों और सीमा पार से आता है। यदि केंद्र और पड़ोसी राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, तो वे नशे की सप्लाई लाइन को रोकने में प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहीं?
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सिर्फ बयानबाजी काफी नहीं है, बल्कि युवाओं को नशामुक्त करने के लिए खेल के मैदान, लाइब्रेरी और रोजगार के अवसर देना जरूरी है।
काम के दम पर 2027 में दोबारा बनेगी सरकार
अफीम या भुक्की को नशे के विकल्प के रूप में पेश करने की मांग को खारिज करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि नारकोटिक्स से जुड़े कानून पूरी तरह केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में हैं, इसलिए राज्य सरकार अपने स्तर पर इनमें बदलाव नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली, किसानों को दिन में बिजली व नहरी पानी और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है, जिसका सकारात्मक असर आगामी चुनावों में निश्चित रूप से दिखाई देगा।
यह भी पढ़ें- परगट सिंह से मिले सिद्धू मूसेवाला के पिता, पंजाब कांग्रेस की कमान मिलने पर दी बधाई; मानसा से लड़ना चाहते हैं चुनाव
