विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मरीज के लिए डॉक्टर बने जान के दुश्मन! ऑडी से टकराई एंबुलेंस तो निकाल ली चाबी; AC बंद होने से बिगड़ी तबीयत

Published: Mon, 24 Aug 2026 10:26 PM (IST)Updated: Wed, 26 Aug 2026 05:20 AM (IST)

लुधियाना में डीएमसी अस्पताल के पास एक डॉक्टर ने एंबुलेंस चालक से हाथापाई कर चाबी निकाल ली, जिससे मरीज की ...और पढ़ें

एंबुलेंस ड्राइवर और डॉक्टर के बीच हाथापाई। फाइल फोटो

एंबुलेंस ड्राइवर और डॉक्टर के बीच हाथापाई। फाइल फोटो

HighLights

  1. डॉक्टर ने एंबुलेंस चालक से की हाथापाई, चाबी निकाली।

  2. एसी बंद होने से मरीज की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ी।

  3. पुलिस ने आरोपी डॉक्टर हरमन सोबती पर केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। डीएमसी अस्पताल के पास सड़क पर अचानक ब्रेक लगाने को लेकर हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब एक डाक्टर पर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस के चालक से हाथापाई करने और उसकी चाबी निकालने का आरोप लगा।

चाबी निकलने के बाद एंबुलेंस का इंजन और एसी बंद हो गया। गर्मी और घुटन के कारण अंदर मौजूद मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी। शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने आरोपित डाक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित की पहचान डाक्टर हरमन सोबती के रूप में हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव उड़ांग श्री मुक्तसर साहिब निवासी अर्शदीप सिंह ने बताया कि वह 22 अगस्त को सहायक जगदीप सिंह के साथ एंबुलेंस में मरीज माया देवी पत्नी विष्णु को घर छोड़ने जा रहा था। जब वे डीएमसी अस्पताल की ओर जाने वाले कट के पास पहुंचे तो आगे चल रही आडी कार के चालक ने सोबती अस्पताल के डाक्टर हरमन सोबती ने अचानक ब्रेक लगा दी।

इससे एंबुलेंस कार के पीछे हल्की सी टकरा गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, हादसे में दोनों वाहनों को कोई नुकसान नहीं हुआ था। इसके बावजूद कार चालक डाक्टर हरमन सोबती ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि बात बढ़ने पर डाक्टर ने हाथापाई की और एंबुलेंस की चाबी भी निकाल ली।

डाक्टर होने के बावजूद मरीज की स्थिति पर नहीं दिया ध्यान

शिकायत के अनुसार, एंबुलेंस की चाबी निकलते ही उसका इंजन और एसी बंद हो गया। उस समय एंबुलेंस के अंदर मरीज माया देवी मौजूद थीं। एसी बंद होने के कारण गर्मी और घुटन बढ़ने लगी, जिससे मरीज घबराने लगीं और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। अर्शदीप सिंह का आरोप है कि डाक्टर होने के बावजूद हरमन सोबती ने मरीज की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया। घटना के बाद शिकायत पुलिस तक पहुंची। थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।