लुधियाना में रोडरेज का खूनी खेल, फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या; कार और एक्टिवा की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
लुधियाना में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे 39 वर्षीय फोटोग्राफर रमिंदर सिंह की कार सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उनका दोस्त घायल हो गया।
-1787091911693_m.webp)
लुधियाना में फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या। फोटो जागरण
HighLights
जन्मदिन पार्टी से लौटते फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या।
रेखी सिनेमा चौक के पास रोडरेज में हुई वारदात।
हमलावरों ने अवैध पिस्टल से की फायरिंग, चार हिरासत में।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। रेखी सिनेमा चौक के पास सोमवार देर रात जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे 39 वर्षीय फोटोग्राफर की कार सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। हमले में घायल व्यक्ति को साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान सलेम टाबरी के न्यू अशोक नगर निवासी रमिंदर सिंह के रूप में हुई है।,
हमले में घायल संजू ने बताया कि सोमवार को उनके दोस्त सन्नी का जन्मदिन था। वह रमिंदर और दो अन्य दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल हुआ था। रात करीब 12 बजे सभी दोस्त पार्टी के बाद खाना खाने के लिए जा रहे थे। पार्टी से वह दो गाड़ियों और तीन लोग एक्टिवा पर निकले थे। रास्ते में जेएमडी माल के पास उनके दोस्त जो एक्टिवा पर थे उससे क्रेटा कार से टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं।
कार सवार युवक ने की फायरिंग
इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। संजू के अनुसार, तब उनकी कार भी पास ही थी। उन सभी ने कार से उतरकर बीच-बचाव किया। विवाद शांत होने के वह, रमिंदर और उनके दो अन्य साथी कार में बैठकर घर के लिए रवाना होने लगे।
इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार वही कार सवार युवक आए और फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली रमिंदर की गर्दन में लगी, जबकि संजू के हाथ में चोट आई। वह उसे लेकर डीएमसी अस्पताल गए, यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना के बाद एसीपी सेंट्रल और पुलिस टीमें मौके पर पहुंची। मंगलवार को पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने हमले में अवैध पिस्टल का इस्तेमाल किया है। बता दें कि घटनास्थल के पास रोज पीसीआर का नाका लगता है, लेकिन फिर भी आरोपित फरार हो गए।
गोली मारनी थी दूसरे को, मार दी रमिंदर को
दोस्तों ने बताया कि जब दोनों पक्षों में हाथापाई हुई थी तो दूसरे पक्ष को उनके एक दोस्त ने पीटा था, जो जालंधर का है। इसी रंजिश में जब वो रेखी सिनेमा चौक के पास पहुंचे तो आरोपितों को लगा कि उन्हें पीटने वाला युवक साइड पर बैठा है, और उन्होंने गोली चला दी। गोली रमिंदर की गर्दन पर लगी और उसके छर्रे संजू के हाथ पर लगे।
परिवार को सुबह लगा बेटे की मौत का पता
सोनू फोटोग्राफी और वीडियो मिक्सिंग का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसके पत्नी व नौ और दो साल का बेटा है। रात को सोनू की हत्या हुई तो परिवार को फोन आया कि सोनू को गंभीर चोटें आई हैं और उसे डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पत्नी का आरोप है कि जब वह उन युवकों के घर गए, जिनके साथ उनका पति गया था तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। उन्हें मंगलवार की सुबह पता चला कि उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शी बोला-फिल्मी स्टाइल में गाड़ी रोककर किया हमला
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद शाह ने बताया कि घटनास्थल के पास रात को वो दुकान बंद कर रहे थे। इस दौरान एक ब्रीजा कार जा रही थी, उसी के पीछे फिल्मी स्टाइल में क्रेटा कार आई। कार सवारों ने पहले एक तरफ गोली चलाई और फिर दूसरी तरफ से चलाई। कार में एक युवक के गोली लगी थी। ये देखने के बाद हम भाग गए।
मान साहब-ऐहना नूं वी गोलियां मारो, जिना ने मेरा मुंडा मारेया
मृतक सोनू की मां सुखदेव कौर का रो रोकर बुरा हाल है। वो एक ही बात बोल रही थीं कि मेरा मुंडा चला गया, असीं रुल गए। मेरे मुंडे ने लोन लै के घर बनाया सी, मगर हुण असीं पैसे किदा दवांगे, मेरा मुंडा भी चला गया ते हुण ऐहे घर वी नीं रैणा। भगवंत मान साहब तुहाडे अग्गे हत्थ जोड़के बेनती है, ऐहनां मुंडेया नूं वी गोलियां मार दो, नहीं तां ऐहे किसे होर मां दे पुत्त नूं मारणंगे।
विवाद के बाद हुई हत्या: एडीसीपी
एडीसीपी क्राइम रूपिंदर कौर भट्टी ने बताया कि ये मामला रोडरेज का है। आरोपितों की पहचान हो गई है और उनकी तलाश की जा रही है। आरोपितों पर पहले भी मामले दर्ज हैं और वह नई गाड़ी लेने की पार्टी करने निकले थे।
कब हुई वारदातें
- सात अगस्त की रात को स्वतंत्र नगर में 25 वर्षीय हरजिंदर सिंह की भी हत्या कर दी गई थी। रंजिश के चलते कार सवार 5-6 हथियारबंद बदमाशों ने हरजिंदर को घेरा पांच गोलियां बरसा दीं थी।
- तीन अगस्त को नशे की हालत में हुए विवाद के बाद हर्ष कुमार नाम के आरोपित ने एक युवक पर ईंट से हमला कर उसकी जान ले ली। इसके बाद शव को एक किलोमीटर तक अपने कंधे पर उठाकर घूमता रहा।
- 31 जुलाई को फिरोजपुर रोड पर वेव माल के नजदीक फायरिंग में दो लोग जख्मी हुए थे।
- 30 जुलाई को चीमा चौक के नजदीक एक पक्ष मे हवाई फायरिंग की थी।
- 17 जुलाई को साउथ सिटी इलाके में एक घर के बाहर फायरिंग की गई थी।
