Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमेरिका-ईरान तनाव का असर, लुधियाना में अब 30 दिन में मिलेगा घरेलू सिलेंडर; बढ़ी उपभोक्ताओं की टेंशन

    Updated: Tue, 10 Mar 2026 09:20 PM (IST)

    अमेरिका-ईरान तनाव के कारण लुधियाना में गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की किल्लत से होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी जैसे कारोबार प्रभाव ...और पढ़ें

    कामर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत (फाइल फोटो)

    कामर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत (फाइल फोटो)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    विजय मौर्य, लुधियाना। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर अब स्थानीय बाजारों तक पहुंचने लगा है। खाड़ी देशों से आने वाली गैस की सप्लाई प्रभावित होने के कारण महानगर में कामर्शियल गैस सिलिंडरों की किल्लत पैदा हो गई है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी, मिठाई कारोबार और फैक्ट्रियों पर पड़ रहा है। उधर, घरेलू उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    गैस एजेंसियों ने घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 30 दिन कर दी है। नई व्यवस्था के तहत जिन उपभोक्ताओं ने हाल ही में सिलिंडर लिया है और 30 दिन पूरे नहीं हुए हैं उनका आनलाइन पोर्टल बुकिंग स्वीकार नहीं कर रहा है। होटल व रेस्टोरेंट संचालक रमेश कक्कड़ और जतिंदर सिंह का कहना है कि कामर्शियल सिलिंडर की कमी से कामकाज प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर गैस खत्म होने के कारण रसोई का काम भी प्रभावित हो रहा है।

    बेकरी संचालक और मिठाई विक्रेता सुरिंदर दयाल व केशव ने बताया कि कामर्शियल सिलिंडर पहले ही महंगे हैं और अब उनकी कमी से कारोबार और मुश्किल हो गया है। गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से उत्पादन लागत बढ़ती जा रही है। यदि समय पर सिलिंडर उपलब्ध नहीं हुए तो बेकरी और मिठाई बनाने का काम प्रभावित होगा और इसका असर ग्राहकों पर पड़ेगा। रविंदर सिंह और अशोक राणा ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग अवधि बढ़ने से भी लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

    फेडरेशन आफ होटल एंड रेस्टोरेंट इंडिया के ज्वाइंट सेक्रेटरी अमरवीर सिंह ने बताया कि शहर में कामर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से संपर्क किया गया है। उनसे जल्द समस्या का समाधान निकालने की मांग की गई है। इस मुद्दे पर होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की बैठक भी बुलाई जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।