Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में बुजुर्ग कारोबारी दंपती की हत्या, बंद घर से खून से लथपथ शव बरामद; पुलिस जांच में जुटी

    Updated: Sun, 31 May 2026 10:08 AM (IST)

    लुधियाना के जनता नगर में 75 वर्षीय कुलदीप सिंह और 73 वर्षीय हरमीत कौर की निर्मम हत्या कर दी गई। उनके शव घर में खून से लथपथ मिले, पुलिस सीसीटीवी फुटेज ...और पढ़ें

    सिर पर वार कर बुजुर्ग कारोबारी दंपती की हत्या, बंद घर में मिले खून से लथपथ शव।

    सिर पर वार कर बुजुर्ग कारोबारी दंपती की हत्या, बंद घर में मिले खून से लथपथ शव।

    HighLights

    1. जनता नगर में बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या

    2. सिर पर वार कर की गई हत्या, शव घर में मिले

    3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से सुलझा रही है गुत्थी

    संवाद सहयोगी, लुधियाना। जनता नगर इलाके में नट-बोल्ट बुजुर्ग कारोबारी दंपती की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। 75 वर्षीय कारोबारी कुलदीप सिंह और उनकी 73 वर्षीय पत्नी हरमीत कौर के शव शनिवार को उनके घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की गई।

    घटना का पता तब चला जब विदेश में रहने वाली बेटियां लगातार फोन करने के बावजूद माता-पिता से संपर्क नहीं कर सकीं। चिंतित बेटियों ने अपनी बुआ को घर भेजा। जब वह जनता नगर स्थित मकान पर पहुंचीं तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में दोनों के शव पड़े थे और चारों तरफ खून बिखरा हुआ था।

    सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डीसीपी क्राइम सुखपाल सिंह, एडीसीपी क्राइम अमनदीप सिंह बराड़ और थाना पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। पुलिस सूत्रों का दावा है कि मामले की गुत्थी काफी हद तक सुलझा ली गई है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सकता है।

    बेटियों की चिंता ने खोला हत्याकांड का राज

    मृतक दंपती की पांच बेटियां और एक बेटा था। बेटे की वर्षों पहले मौत हो चुकी थी, जबकि चार बेटियां विवाह के बाद विदेश में बस गईं। एक बेटी लंबे समय तक माता-पिता के साथ रहकर उनकी देखभाल करती रही और घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसके भी विदेश चले जाने के बाद बुजुर्ग दंपती अकेले रहने लगे।

    खबरें और भी

    उनकी देखभाल की जिम्मेदारी कुलदीप सिंह की बहन संभाल रही थीं, जो नियमित रूप से उनसे मिलने आती थीं। शनिवार सुबह जब बेटियों ने कई बार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने बुआ को घर भेजा। वहां पहुंचते ही दोहरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।

    सीसीटीवी फुटेज ने बढ़ाई पुलिस की उम्मीद

    जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी है। सूत्रों के अनुसार, फुटेज में एक महिला और एक व्यक्ति पिछले दो दिनों से गली में आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। एक फुटेज में एक व्यक्ति को घर के अंदर जाते और कुछ समय बाद बाहर निकलते हुए भी देखा गया है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद आरोपित दंपती के मोबाइल फोन अपने साथ ले गया था।

    शनिवार सुबह विदेश से लगातार काल आने पर घबराकर उसने दोनों मोबाइल फोन घर के गेट के अंदर फेंक दिए और वहां से निकल गया। यह पूरी गतिविधि भी कैमरों में कैद होने की बात सामने आ रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि घटना में कोई परिचित या करीबी व्यक्ति शामिल हो सकता है। इसी आधार पर दंपती के संपर्क में रहने वाले लोगों की सूची खंगाली जा रही है।

    तीन साल पहले बंद कर दिया था कारोबार

    पड़ोसियों के अनुसार, कुलदीप सिंह की प्रताप चौक क्षेत्र में नट-बोल्ट की फैक्ट्री चलाते थे और इलाके के जाने-माने कारोबारी थे। बेटे की मौत और बेटियों के विदेश बस जाने के बाद कारोबार संभालने वाला कोई नहीं बचा। इसी कारण उन्होंने करीब तीन वर्ष पहले अपना व्यवसाय बंद कर दिया था और पत्नी के साथ घर पर ही समय बिताते थे।

    28 मई की शाम आखिरी बार दिखे थे कुलदीप सिंह

    स्थानीय लोगों ने बताया कि कुलदीप सिंह को आखिरी बार 28 मई की शाम करीब पांच बजे दूध लेकर घर लौटते देखा गया था। इसके बाद दंपती घर से बाहर नजर नहीं आया। लोगों को लगा कि दोनों घर के अंदर ही होंगे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि घर के भीतर इतनी बड़ी वारदात हो चुकी है।

    पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।