अतिक्रमण और बदहाल सीवरेज पर फूटा किसानों का गुस्सा, लुधियाना में आज रहेगा चक्का जाम
लुधियाना में भारतीय किसान मजदूर यूनियन और भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) आज राहों रोड क्षेत्र की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करेंगे। ...और पढ़ें

लुधियाना में आज रहेगा चक्का जाम (फाइल फोटो)
HighLights
किसान आज लुधियाना में राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करेंगे।
राहों रोड पर अतिक्रमण और खराब सीवरेज मुख्य मांगें।
14 पंचायतों की समस्याओं पर प्रशासन से समाधान की अपील।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। भारतीय किसान मजदूर यूनियन और भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के आह्वान पर मंगलवार को राहों रोड क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान और ग्रामीण राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करेंगे।
यूनियन ने घोषणा की है कि सुबह नै बजे मत्तेवाड़ा अनाज मंडी में किसान और ग्रामीण एकत्र होंगे। इसके बाद रैली के रूप में बस्ती चौक पहुंचेंगे और पुल के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करेंगे।
किसान नेताओं का कहना है कि लंबे समय से प्रशासन के समक्ष कई बार मांगें उठाई गईं, लेकिन उनका समाधान नहीं किया गया। इसी के विरोध में यह फैसला लिया गया है। किसानों की प्रमुख मांगों में राहों रोड पर बस्ती चौक से मत्तेवाड़ा तक सड़क किनारे लगी रेहड़ियों-फड़ियों और कथित अवैध कब्जों को हटाना शामिल है।
उनका कहना है कि इन कब्जों के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। इसके अलावा, किसान संगठनों ने वर्ष 2016 में 14 पंचायतों में डाली गई सीवरेज व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया है।
उनका आरोप है कि सीवरेज सिस्टम सही ढंग से काम नहीं कर रहा, जिससे लोगों को गंदे पानी, ओवरफ्लो और जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायतें देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।