लुधियाना: सरकारी स्कूल के टॉयलेट में नहीं थे दरवाजे, CJP के दौरे की वीडियो वायरल; केजरीवाल बोले- जल्द ठीक होगा
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) टीम ने प्रवक्ता सौरव दास के साथ लुधियाना के तीन स्कूलों का दौरा किया, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं।
HighLights
CJP टीम ने लुधियाना के तीन स्कूलों का निरीक्षण किया
स्कूल ऑफ एमिनेंस में वॉशरूम रखरखाव की कमी पाई गई
जंडियाली के स्कूलों में पुराना इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वच्छता का अभाव
जागरण संवाददाता, लुधियाना। कॉकरोच जनता पार्टी(सीजेपी) टीम ने वीरवार लुधियाना के तीन स्कूलों का दौरा किया। प्रवक्ता सौरव दास के साथ टीम मौजूद रही। टीम पहले स्कूल ऑफ एमिनेंस चंडीगढ़ रोड में गई।
सौरव दास के मुताबिक स्कूल में इंफ्रास्ट्रक्चर बहुत ही बढ़िया रहा। आम तौर पर ऐसा फर्नीचर सरकारी स्कूलों में देखने को नहीं मिलता। स्कूल में टेबल टेनिस, स्वीमिंग पूल, एआई और कंप्यूटर लैब की सुविधाएं रही।
जिस चीज पर स्कूल को ध्यान देने के लिए कहा गया, वह रहा वॉशरूम। स्कूल को वॉशरूम अच्छे से मेनटेन करने को कहा गया। इसके बाद टीम ने सरकारी प्राइमरी स्कूल और सीनियर सेकेंडरी स्कूल जंडियाली का दौरा किया। इसमें से एक स्कूल साल 1936 का बना हुआ है।
स्कूल का इंफ्रास्टक्चर बहुत ही पुराना रहा। सरकार को इन स्कूलों के फर्नीचर पर ध्यान देने को कहा है। वहीं सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जंडियाली में भी इंफ्रास्ट्क्चर के साथ-साथ वॉशरूम में हाइजीन की कमी पाई गई।
यहां तक कि स्कूल में कई वॉशरूम ऐसे रहे जिनमें दरवाजे तक नहीं थे। इनमें से कुछ वॉशरूम लड़कियों के भी है। तीनों स्कूलों में साफ-सफाई के लिए स्टाफ की कमी रही जिसके चलते वहां हाइजीन नहीं रहा।
टीम ने चखा मिड डे मील
स्कूल में विजिट के दौरान टीम ने मिड डे मील भी चखा। मिड डे मील तैयाार करने वाली वर्करों को मात्र 3000 रुपये महीना मिलना कम भी बताया।
तीनों स्कूलों में दौरे की वीडियो सौरव दास ने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाली, जिसके बाद आम आदमी पार्टी के चीफ अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कमियों पर सुधार करने की बात कही।
