विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार... परिवार के 15 लोगों को किया बेहोश, फिर प्रेमी को घर बुलाया; किया ऐसा कांड सब रह गए दंग

Published: Wed, 11 Jun 2025 08:48 PM (IST)

लुधियाना में एक महिला ने इंस्टाग्राम पर प्रेम के चलते घर में चोरी की साजिश रची। उसने परिवार को नशीला ...और पढ़ें

परिवार के 15 लोगों को बेहोश कर घर में प्रेमी संग की लाखों की चोरी (सांकेतिक तस्वीर)
परिवार के 15 लोगों को बेहोश कर घर में प्रेमी संग की लाखों की चोरी (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. इंस्टाग्राम प्रेम बना चोरी की साजिश का कारण
  2. महिला ने परिवार को नशीला पदार्थ खिलाया
  3. पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

संवाद सूत्र, खन्ना (लुधियाना)। महिला ने इंस्टाग्राम पर बने प्रेम संबंधों के चलते अपने ही घर में चोरी की साजिश रच डाली। महिला ने परिवार के 15 सदस्यों को पहले नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और इसके बाद प्रेमी को घर बुला लाखों रुपये के जेवर व कीमती सामान उसे सौंप दिया। आठ जून को हुई इस घटना को हल करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

उनसे घर से चोरी किए सोने की 11 अंगूठियां, चार जोड़ी बालियां, एक हार, एक कड़ा, आईफोन और अन्य सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं। आरोपितों की पहचान गांव कुलाहड़ निवासी कमलजीत कौर और उसके प्रेमी मोहाली के पीर सोहाना निवासी दिलराज सिंह के रूप में हुई है। दिलराज कुछ दिन पहले ही मलेशिया से लौटा था।गांव कुलाहड़ निवासी बलविंदर सिंह ने आठ जून को मलौद पुलिस थाने में घर में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जब तकनीकी रूप से जांच शुरू की तो सच्चाई सामने आते ही सब दंग रह गए। जांच में खुलासा हुआ कि यह चोरी बलविंदर सिंह की पुत्रवधू कमलजीत कौर और उसके प्रेमी दिलराज ने ही की थी। दोनों से पूछताछ में पता चला कि दिलराज की इंस्टाग्राम के माध्यम से कमलजीत कौर के साथ जान पहचान हुई थी। जल्द ही यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों ने साथ रहने की योजना बना डाली।

कमलजीत कौर ने प्रेमी संग मिलकर आपराधिक साजिश रची। 8 जून की रात को उसने अपने परिवार के सदस्यों को खाने में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने दिलराज को घर बुलाया और घर की अलमारियों और पेटियों की चाबियां थमा दीं। दिलराज घर से सोने-चांदी के कीमती जेवर और एक आईफोन लेकर चुपचाप फरार हो गया।

एसएसपी डॉ. ज्योति यादव ने बताया कि दिलराज की गिरफ्तारी के बाद उसने कबूल किया कि पूरी योजना कमलजीत कौर के कहने पर ही बनाई गई थी। उनकी मंशा चोरी के बाद भागकर शादी करने की थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।