'क्या यही है बदलाव...', लुधियाना में शिवसेना नेता के घर नशा रखने का Video वायरल होने पर सरकार पर बरसे सुखबीर बादल
खन्ना में पुलिसकर्मी द्वारा घर में ड्रग्स छिपाने का वीडियो वायरल होने पर सियासत तेज हो गई है। सुखबीर बादल ने सरकार को घेरते हुए कड़े सवाल उठाए हैं।
HighLights
पुलिसकर्मी ने शिवसेना नेता के घर हेरोइन रखी, वीडियो वायरल।
एएसआई सुखदेव सिंह सीसीटीवी में हेरोइन रखते हुए दिखा।
सुखबीर बादल ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
डिजिटल डेस्क, खन्ना (लुधियाना)। पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। खन्ना के शिव सेना नेता महंत कश्मीर गिरी के घर पर मारे गए छापे के दौरान गुप्त कैमरे की वीडियो में पंजाब पुलिस के एएसआई को बिस्तर के गद्दे के नीचे हेरोइन रखते देखा गया। इस घटना पर अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल ने सरकार पर सवाल उठाए हैं।
सुखबीर सिंह बादल ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए सरकार की बदलाव नीति पर सवाल किया है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में लिखा-
AAP मॉडल की कानून-व्यवस्था में आपका स्वागत है! खन्ना पुलिस के एएसआई को एक घर के अंदर गद्दे के नीचे ड्रग्स का पैकेट चुपचाप छिपाते हुए सीसीटीवी पर लाइव पकड़ा गया! 'आप' पंजाब ने सेवाओं की होम डिलीवरी का वादा किया था, लेकिन किसे पता था कि इसमें नागरिकों को फंसाने के लिए पंजाब पुलिस द्वारा घर पहुंचाई गई ड्रग्स भी शामिल होगी? भगवंत मान, क्या आपकी देखरेख में पंजाब पुलिस इसी तरह 'बदलाव' लाती है?
यह भी पढ़ें- लुधियाना में शिवसेना नेता के घर नशा रखने वाला ASI सस्पेंड, CCTV कैमरे में संदिग्ध हरकत करता दिखा पुलिसकर्मी
मामले में महंत की हुई थी गिरफ्तारी
दिलचस्प बात यह है कि पुलिस ने बाद में इसी जगह से 30 ग्राम हेरोइन मिलने का दावा कर महंत को गिरफ्तार किया था। परिजनों ने गिरफ्तारी के बाद घर में लगे हिडन कैमरे की रिकॉर्डिंग सामने रखी तो पूरे घटनाक्रम पर विवाद खड़ा हो गया।
मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने एएसआइ सुखदेव सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया। घटनाक्रम के बाद महंत कश्मीर गिरी को भी रिहा कर दिया गया।
ASI सादे कपड़ों में पहुंचा था कमरे में
सीसीटीवी फुटेज में घटनाक्रम क्रमवार दिखाई देता है। रिकॉर्डिंग के अनुसार, सादे कपड़ों में एएसआइ सुखदेव सिंह अकेले महंत के कमरे में प्रवेश करता है। कुछ पल रुककर वह आसपास देखता है और अपनी जेब से एक वस्तु निकालकर बेड के गद्दे के नीचे रख देता है।
इसके बाद वह गद्दे को व्यवस्थित कर कमरे से बाहर चला जाता है। रिकॉर्डिंग में इसके कुछ देर बाद सदर थाना प्रभारी विजयपाल सिंह और सिटी थाना-2 के प्रभारी तरविंदर बेदी पुलिस कर्मचारियों के साथ कमरे में पहुंचते दिखाई देते हैं। उस समय महंत कश्मीर गिरी भी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में पुलिसकर्मी की गुंडागर्दी, एके-47 से किए ताबड़तोड़ चार फायर; दोस्त का विवाद सुलझाने पहुंचा था कॉन्स्टेबल
सर्च के दौरान मिली 30 ग्राम हेरोइन
फुटेज में संबंधित एएसआइ कमरे से बाहर निकलता नजर आता है, जबकि बाकी पुलिस अधिकारी अंदर रहते हैं। इसके बाद पुलिस टीम कमरे में तलाशी लेती है।
पुलिसकर्मी गद्दे के नीचे से हेरोइन मिलने की बात कहते हैं और 30 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद होने का दावा किया जाता है। इसी आधार पर महंत को गिरफ्तार कर लिया गया था। महंत ने मौके पर ही बरामदगी से अपना कोई संबंध होने से इनकार किया था।
ड्राइवर से पूछताछ के बाद बनी छापेमारी की योजना
इस पूरे मामले की शुरुआत शुक्रवार को हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ी है। पुलिस के अनुसार, महंत कश्मीर गिरी के ड्राइवर गुरजंट सिंह उर्फ जंटा को 7.5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान ड्राइवर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने महंत के खिलाफ जांच आगे बढ़ाई।
इसके बाद सदर थाना और सिटी थाना-2 की संयुक्त टीम शनिवार दोपहर को महंत के आवास पर पहुंची। पुलिस की ओर से की गई इस कार्रवाई में 30 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया था। हालांकि, अब घर की CCTV रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- आस्ट्रेलिया से दो दिन पहले लौटा था पति, प्लानिंग कर बेटे को बाहर भेजकर पत्नी को चाकू से गोदा; चरित्र पर था शक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।