लुधियाना में मोबाइल लुटेरे को जनता ने खंभे से बांधकर जमकर पीटा, फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
लुधियाना के टिब्बा रोड पर मोबाइल स्नैचिंग के एक आरोपित को लोगों ने पकड़कर बिजली के खंभे से बांधकर पीटा, जबकि उसके साथी फरार हो गए। ...और पढ़ें
-1782982829089_m.webp)
मोबाइल स्नैचिंग के आरोपित को लोगों ने दबोचा (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, लुधियाना। टिब्बा रोड इलाके में बुधवार की देर रात मोबाइल स्नैचिंग की वारदात के बाद लोगों ने एक आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। गुस्साए लोगों ने पकड़े गए युवक को सड़क किनारे बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन से चार युवक एक बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने एक राहगीर से मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद जैसे ही आरोपित भागने लगे, पीड़ित ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी बाइक पर फरार होने में सफल रहे।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पकड़े गए युवक को बिजली के खंभे से बंधा देखा जा सकता है। लोगों ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक खिलौना (डमी) पिस्तौल बरामद हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित इसी नकली पिस्तौल के दम पर राहगीरों को डराकर मोबाइल और नकदी छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपित किसी संगठित स्नैचिंग गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा उनके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।