विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना : सड़क हादसे में घायल युवक पहुंचा अस्पताल, तलाशी के दौरान बैग से बरामद हुई पौने 4 किलो हेरोइन; गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Thu, 15 Oct 2026 11:34 PM (IST)Updated: Fri, 16 Oct 2026 02:03 AM (IST)

लुधियाना के सिविल अस्पताल में एक सड़क हादसे में घायल युवक के बैग से करीब पौने चार किलो हेरोइन और ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. घायल युवक के बैग से पौने चार किलो हेरोइन मिली।

  2. लुधियाना सिविल अस्पताल में हुई हेरोइन की बरामदगी।

  3. पुलिस ने निरंजन सिंह उर्फ गैरी को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। फिलौर में सड़क हादसे में घायल होकर लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचे एक युवक के बैग से करीब पौने चार किलो हेरोइन और नकदी बरामद हुई है। अस्पताल प्रशासन ने बैग की तलाशी के दौरान नशीला पदार्थ मिलने पर थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हेरोइन और नकदी को कब्जे में ले लिया। मामले में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान 26 वर्षीय निरंजन सिंह उर्फ गैरी निवासी गांव खेड़ा बेट के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, निरंजन सिंह मोटरसाइकिल पर फिलौर में सुरजीत ढाबे के नजदीक से गुजर रहा था। इसी दौरान वह एक ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए फिलौर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे लुधियाना के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे लुधियाना लाया गया।

बैग की तलाशी में मिला नशीला पदार्थ

लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचने के समय युवक की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई थी। उसके साथ एक बैग भी था। अस्पताल में बैग की तलाशी लेने पर उसमें से करीब पौने चार किलो हेरोइन और नकदी बरामद हुई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने निरंजन सिंह उर्फ गैरी को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन उसके पास कहां से आई थी और वह इसे कहां लेकर जा रहा था। पुलिस नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

आरोपित के बैग में से हेरोइन और नकदी बरामद हुई है । हम उसके पीछे पहले से लगे थे। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है , फिलहाल उसका इलाज चल रहा है । -गगनदीप सिंह, एसएचओ डिवीजन 2