यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ludhiana Crime: मुंहबोली बेटी ने रिश्ते को किया तार-तार, पूर्व प्रोफेसर को किया अगवा फिर बंधक बनाकर की लूटपाट
पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर को उनकी मुंहबोली बेटी ने अगवा कर घर से सोने के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। अमेरिका से लौटे उनके डाक्टर बेटे द् ...और पढ़ें

HighLights
- विदेश से लौटे डॉक्टर बेटे ने दर्ज करवाया आपराधिक मामला
- दीपावली वाले दिन किया था पिता का अपहरण, अदालत के हस्तक्षेप बाद हुई थी रिहाई
- बलजीत कौर नाम की महिला को अपनी मुंहबोली बेटी बनाया
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में डिपार्टमेंट ऑफ एनिमल साइंस के पूर्व मुखी डॉ हरबंस सिंह को उनकी मुंहबोली बेटी ने अगवा कर घर से सोने के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। अमेरिका से लौटे उनके डाक्टर बेटे द्वारा की गई शिकायत के बाद पुलिस ने आपराधिक थाना सराभा नगर में आपराधिक मामला दर्ज किया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मुंह बोली बेटी बलजीत कौर के खिलाफ पहले भी खमानो पुलिस स्टेशन में आपराधिक मामला दर्ज है।
बलजीत कौर को अपनी मुंहबोली बेटी बनाया
पुलिस को दी शिकायत में अमेरिका के निवासी और दिल की बीमारियों के डॉक्टर रुपिंदर सिंह ने बताया कि वह पिता हरबंस सिंह का इकलौता बेटा है। वह लंबे समय से अमेरिका में रह रहा है। उसके पिता ने चंडीगढ़ के सेक्टर 33 डी की रहने वाली बलजीत कौर को अपनी मुंहबोली बेटी बनाया था और उसका उनके घर पर अकसर आना जाना था।
जबरदस्ती गाड़ी में अगवा कर ले गई
पहले तो वह उसकी मां को अपने साथ पीजीआई में चेकअप का बहाना बनाकर अपने साथ ले गई और बाद में उसे अपने पास ही रख लिया और मानसिक तनाव की दवाई देती रही। बाद में 2023 में दिपावली वाले दिन वह अपने पति और ड्राइवर के साथ घर पर आई और उसके पिता को जबरदस्ती गाड़ी में अगवा कर अपने साथ खमाणो के पास उच्चा पिंड के एक घर में ले गई। यहां पर उसके पिता के साथ मारपीट की और उससे लुधियाना के घर की चाबियां और अन्य सामान छीन लिया। इसके बाद वह 16 नवंबर को घर आई और वहां से सोने के जेवरात, पासपोर्ट, सर्विस बुक, आई डी प्रूफ, पैन कार्ड, बैंक की पासबुक और जायदाद संबंधी कागजात भी अपने साथ ले गई थी। पुलिस ने अब जाकर थाना सराभा नगर में उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
अदालत के आदेश पर पुलिस ने करवाई थी रिहाई
रुपिंदर सिंह सोढ़ी के अनुसार दीपावली पर जब उसके पिता को अगवा कर लिया गया तो किसी तरह उन्होंने इसकी जानकारी विदेश में उसे दी थी। जिसने अपने दोस्तों के माध्यम से अदालत में इसकी जानकारी दी थी। थाना खमाणों पुलिस ने उसके पिता को चंगुल से छुड़ाया था। थाना खमाणों में बलजीत कौर और उसके पति के खिलाफ आपराधिक मामला 21 नवंबर 2023 को दर्ज किया गया था और इससे पहले ही वह घर से सामान चोरी कर ले गई थी।