विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हुक्का पार्टी, लग्जरी सेल... लुधियाना सेंट्रल जेल में पैसे का खेल, 11 कैदियों को दिया VIP ट्रीटमेंट; सीनियर अधिकारी सस्पेंड

Published: Wed, 16 Sep 2026 08:27 AM (IST)

लुधियाना केंद्रीय जेल में जीएसटी के आरोपितों को वीआईपी सुविधाएं देने के आरोप में एडिशनल सुपरिंटेंडेंट बलवीर सिंह पर एफआइआर दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

लुधियाना जेल में आरोपियों को VIP ट्रीटमेंट देने वाला एडिशनल सुपरिंटेंडेंट सस्पेंड (File Photo)

लुधियाना जेल में आरोपियों को VIP ट्रीटमेंट देने वाला एडिशनल सुपरिंटेंडेंट सस्पेंड (File Photo)

HighLights

  1. एडिशनल सुपरिंटेंडेंट बलवीर सिंह पर एफआइआर दर्ज कर निलंबित

  2. जीएसटी आरोपितों को जेल में वीआईपी सुविधाएं देने का आरोप

  3. पुलिस फरार अधिकारी बलवीर सिंह की तलाश में जुटी

जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना केंद्रीय जेल में जीएसटी के मामलों में बंद आरोपितों से पैसे लेकर दूसरे कैदियों से अलग रखने और विशेष सुविधाएं देने के आरोप में जेल के एडिशनल सुपरिंटेंडेंट बलवीर सिंह पर एफआइआर दर्ज की गई है। शिकायत एडीजीपी जेल तक पहुंचने के बाद हुई जांच में करीब 11 आरोपितों से कथित लेनदेन की बात सामने आई।

इसके बाद जेल विभाग ने बलवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया। एफआइआर दर्ज होते ही अधिकारी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में सरकारी आवास समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस अब यह खंगाल रही है कि कथित तौर पर पैसे किससे लिए गए, कितनी रकम ली गई और उसके बदले जेल के नियमों को ताक पर रखकर कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

11 जीएसटी आरोपियों के नाम सामने आए

प्राथमिक जांच में करीब 11 जीएसटी आरोपितों का नाम सामने आया है। आरोप है कि इन लोगों को सामान्य कैदियों से अलग रखा जाता था। उनके खाने-पीने की बेहतर व्यवस्था की जाती थी और अन्य विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं।

सूत्रों के मुताबिक, इस कथित खेल की शिकायत बाहर से नहीं बल्कि जेल के भीतर से ही उच्च अधिकारियों तक पहुंची। किसी अधिकारी या कर्मचारी ने उन आरोपितों की जानकारी जुटाकर शिकायत की, जिन्हें कथित तौर पर विशेष ट्रीटमेंट दिया जा रहा था। जांच के दौरान करीब 11 आरोपितों से कथित लेनदेन की बात सामने आने के बाद कार्रवाई की।

पहले भी आ चुके मामले

  • लुधियाना जेल में एक वार्डर को जेल में 60 ग्राम गांजा की तस्करी करने का प्रयास करते हुए पकड़े जाने के बाद निलंबित कर दिया गया था।
  • 26 जून, 2021 को, जेल के अंदर कैदियों को हुक्का पीते हुए दिखाने वाले वीडियो फुटेज की जांच के बाद, एक सहायक जेल अधीक्षक, एक मुख्य वार्डर और एक वार्डर को निलंबित कर दिया गया, और सेल के प्रभारी एक अधिकारी का तबादला कर दिया गया।
  • जनवरी 2024 में, लुधियाना सेंट्रल जेल के 10 से 15 कैदियों ने अपनी बैरक के अंदर जन्मदिन की पार्टी आयोजित की, जिसका वीडियो रिकॉर्ड करके अपलोड किया गया और वह वायरल हो गया। जन्मदिन मनाने वाले इस व्यक्ति, विचाराधीन कैदी अरुण कुमार 'मणि राणा' पर 2019 के एक डकैती मामले में आरोप लगाया गया था। जांच में पता चला कि दो उप अधीक्षकों ने भी जेल में मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान की तस्करी में मदद करने के लिए रिश्वत ली थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।