विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकर प्रतिमा बेअदबी के विरोध में आज जालंधर बाईपास चौक पर धरना, 22 सड़कों पर थमेगा ट्रैफिक

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:13 AM (IST)

लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर अंबेडकर प्रतिमा बेअदबी के विरोध में आज वाल्मीकि व रविदास समाज धरना देगा। इसके चलते जालंधर-पानीपत हाईवे सहित 22 सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होगा।

सड़क पर उतरा वाल्मीकि व रविदास समाज।

सड़क पर उतरा वाल्मीकि व रविदास समाज।

HighLights

  1. अंबेडकर प्रतिमा बेअदबी के विरोध में आज धरना

  2. जालंधर बाईपास चौक पर वाल्मीकि, रविदास समाज का प्रदर्शन

  3. 22 सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित, आपातकालीन सेवाओं को छूट

जागरण संवाददाता, लुधियाना। जालंधर बाईपास चौक पर बाबा साहिब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई बेअदबी के विरोध में बुधवार को वाल्मीकि समाज, रविदास समाज समेत विभिन्न जत्थेबंदियां सड़क पर उतरेंगी।

संगठनों की ओर से सुबह 10 बजे जालंधर बाईपास चौक में धरना दिया जाएगा। इसके चलते जालंधर-पानीपत हाईवे समेत आसपास की करीब 22 सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है।

धरने को लेकर पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस की ओर से फिलहाल जगराओं पुल से समराला चौक फ्लाईओवर की तरफ जाने वाले ट्रैफिक तथा सदर्न बाईपास की ओर जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है।

हालांकि पुलिस ने इसे फिलहाल अस्थायी व्यवस्था बताया है। धरने के दौरान ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर जरूरत के मुताबिक अन्य रास्तों पर भी यातायात को मोड़ा जा सकता है।

22 सड़कों पर पड़ सकता है असर

जालंधर बाईपास चौक पर धरना होने के कारण चौक से जुड़ी करीब 22 सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। जालंधर-पानीपत हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों के अलावा आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे बुधवार को इस रूट पर जाने से पहले वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

WhatsApp Image 2026-09-09 at 11.18.58 AM

जरूरी सेवाओं को रहेगी छूट

पुलिस प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि धरने के दौरान एम्बुलेंस, डॉक्टरों, स्कूलों और मेडिकल सेवाओं से जुड़े वाहनों को जरूरी छूट दी जाएगी। आपातकालीन सेवाओं को प्रभावित न होने देने के लिए पुलिस कर्मियों को विशेष तौर पर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस का प्रयास है कि प्रदर्शनकारियों के धरने के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। वहीं, विभिन्न संगठनों के धरने को देखते हुए जालंधर बाईपास चौक और इसके आसपास पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पंजाबी इंफ्लुएंसर मंजीत कौर हत्याकांड में बड़ी सफलता, रिंकू का साथी 'पिंदा' गिरफ्तार; मुख्य आरोपित की तलाश