लुधियाना में पुरानी रंजिश का खूनी खेल, कार में बैठे युवक पर पांच गोलियां बरसाकर हत्या; CCTV में कैद घटना
लुधियाना में पुरानी रंजिश के चलते कार सवार युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। पांच गोलियां लगने से उसकी मौत हो गई, जबकि तीन दोस्तों ने भागकर जान बचाई ...और पढ़ें
HighLights
लुधियाना में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या।
कार में दोस्तों को छोड़ने आया था मृतक अरजिंदर।
हमलावरों ने पांच गोलियां मारीं, घटना CCTV में कैद।
संवाद सहयोगी, लुधियाना। लुधियाना के टिब्बा रोड के स्वतंत्र नगर इलाके में शुक्रवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपने तीन दोस्तों को घर छोड़ने आया था। इसी दौरान दूसरी कार में सवार होकर आए हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
अचानक हुई फायरिंग से घबराए तीन युवक कार से निकलकर गली की तरफ भाग गए, लेकिन कार चला रहा युवक बाहर नहीं निकल सका। हमलावरों की करीब पांच गोलियां लगने से उसकी कार के अंदर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में हमलावर कार पर लगातार गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- बाटला ग्रेनेड हमला: तीसरा आतंकी भी दबोचा, पुर्तगाल बैठे हैंडलर के इशारे पर रची गई पुलिस चौकी उड़ाने की साजिश

मृतक युवक की फाइल फोटो।
दोस्तों को छोड़ने आया था मृतक
जानकारी के अनुसार अरजिंदर सिंह प्रापर्टी का काम करता था और परिवार से अलग स्वतंत्र नगर इलाके में किराये के मकान में रहता था। शुक्रवार रात वह अपने तीन दोस्तों के साथ किसी काम से बाहर गया था। उसके दोस्तों की एक्टिवा उसके घर के बाहर खड़ी थी। रात करीब साढ़े 11 बजे सभी वापस उसके घर पहुंचे। दोस्तों को अपनी एक्टिवा लेकर वापस जाना था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार गली के बाहर पहुंची, तभी दूसरी तरफ से आए कार सवार युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कार को निशाना बनाते हुए कई गोलियां चलाईं। फायरिंग होते ही कार में बैठे तीन युवक किसी तरह बाहर निकले और भागकर अपनी जान बचाई। अरजिंदर सिंह के माथे और शरीर पर करीब पांच गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
खबरें और भी
पहले भी दर्ज कराया था मामला
बताया जा रहा है कि अरजिंदर सिंह और हमलावर पक्ष के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। मृतक पक्ष की ओर से पहले भी हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया था। इस मामले में हमलावर पक्ष के कुछ युवक भगोड़े घोषित हो चुके थे।
इसी पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही हत्या के सही कारण और इसमें शामिल आरोपितों की भूमिका स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- Gurdaspur News: हरीश बहल बने श्रीहरगोबिंदपुर साहिब के नये DSP, नशा बेचने और करनेवालो को दी चेतावनी
परिवार ने गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से किया इन्कार
घटना के बाद मृतक के परिवार में भारी रोष है। परिवार के लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे बस्ती जोधेवाल चौक पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।
यह भी पढ़ें- फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर धरना प्रदर्शन से 10 घंटे से जाम, वाहनों की लगी लंबी कतारें; यातायात ठप