Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में पहली मानसूनी बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई, 3 ग्रिड फेल; कई इलाकों में 10 घंटे का ब्लैकआउट

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 09:35 PM (IST)

    लुधियाना में पहली मानसूनी बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई, 3 ग्रिड फेल होने और 20 से अधिक फीडर ठप होने से कई इलाकों में 8-10 घंटे का ब्लैकआउट रहा। ...और पढ़ें

    लुधियाना में पहली मानसूनी बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई (फोटो: जागरण)

    लुधियाना में पहली मानसूनी बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. बारिश से 3 ग्रिड फेल, 20 से अधिक फीडर ठप।

    2. कई इलाकों में 8-10 घंटे ब्लैकआउट, हाई वोल्टेज से नुकसान।

    3. उद्योगों के लिए रात के बिजली कट समाप्त, मिली राहत।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। मानसून की पहली वर्षा ने शहर की बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। बुधवार देर रात शुरू हुई वर्षा के बाद पावरकाम की फोकल प्वाइंट, बहादुरके रोड और दुगरी ग्रिड में तकनीकी फाल्ट आने से 20 से अधिक फीडर ठप हो गए।

    इसका असर शहर के बड़े हिस्से पर पड़ा और कई कालोनियों में 8 से 10 घंटे तक ब्लैकआउट की स्थिति रही। बिजली बंद रहने से सुबह पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई और हजारों लोगों को पीने के पानी व घरेलू कामकाज के लिए परेशानी झेलनी पड़ी।

    सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शिमलापुरी, जसपाल बांगड़, जनता नगर, गैसपुरा, फोकल प्वाइंट, ढंडारी, अशोक नगर, नानक नगर, बहादुरके रोड, हम्बड़ा रोड, सिविल लाइंस, मॉडल टाउन, दुगरी, अर्बन विहार, फूलांवाल, सुंदर नगर, माधोपुरी, जनकपुरी, सेक्टर-32, मोती नगर, धांधरा रोड, पक्खोवाल रोड, चौड़ा बाजार, पंजाब माता नगर, बीआरएस नगर, निर्मल नगर, गिल रोड, दशमेश नगर, सावन विहार, नूरवाला रोड और डा. अंबेडकर नगर शामिल रहे। सावन विहार कालोनी में हाई वोल्टेज आने से कई घरों के बिजली मीटर जल गए, जबकि वाशिंग मशीन, टीवी समेत अन्य घरेलू उपकरण भी खराब हो गए।

    वर्षा से आए तकनीकी फॉल्ट: चीफ इंजीनियर

    पावरकॉम के चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह हांस ने बताया कि वर्षा के कारण कई स्थानों पर तकनीकी फाल्ट आए थे। उन्हें दूर करने के लिए टीमें लगातार काम करती रहीं। फोकल प्वाइंट और इंडस्ट्री एरिया में पहले से निर्धारित शेड्यूल कट भी था, हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

    खबरें और भी

    लगातार बिजली कटौती से परेशान उद्योगों के लिए पावरकाम ने बड़ी राहत दी है। विभाग ने फोकल प्वाइंट, सुंदर नगर, ढंडारी, गैसपुर और शिमलापुरी समेत औद्योगिक क्षेत्रों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लगाए जा रहे शेड्यूल बिजली कट को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है।

    पिछले कई दिनों से उद्योगों को रात में आठ घंटे की कटौती झेलनी पड़ रही थी, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा था। उद्यमियों ने हाल ही में चीफ इंजीनियर से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया था। अब शेड्यूल कट खत्म होने के बाद उद्योग जगत ने राहत जताई है। उनका कहना है कि निर्बाध बिजली आपूर्ति से उत्पादन सामान्य होगा और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।