AAP ने लुधियाना से शुरू किया चुनावी अभियान, मान बोले-गारंटियों से ज्यादा काम किया, अब घर-घर पहुंचेगा संगठन
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच आप ने लुधियाना से चुनावी अभियान शुरू किया। 20 सितंबर से 2.68 लाख कार्यकर्ता घर-घर सरकार के काम पहुंचाएंगे।

पैम्फलेट जारी करते हुए सीएम भगवंत मान, मनीष सिसोदिया, अमन अरोड़ा व अन्य।
HighLights
AAP ने लुधियाना से 2027 विधानसभा चुनाव अभियान शुरू किया।
मुख्यमंत्री मान ने सरकार की गारंटियों से अधिक काम का दावा किया।
2.68 लाख कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी ने शनिवार को लुधियाना से अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया। पक्खोवाल रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी का चुनावी पैम्फलेट जारी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कामकाज और चुनावी गारंटियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने लोगों से जितनी गारंटियां दी थीं, उससे अधिक काम किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सड़क सुरक्षा योजना का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस योजना के कारण हर साल 2700 लोगों की जान बचाई गई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इसकी तारीफ की है। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में नहर का पानी रिहायशी इलाकों में घुसा, लोगों का फूटा गुस्सा; आरोप- पाइप लाइन बिछाने में हुई अनदेखी
जो वादे किए, वे पूर हुए: सीएम भगवंत मान
गारंटियों से बढ़कर काम: सरकार ने चुनाव से पहले जनता को दी गई सभी गारंटियां पूरी कर दी हैं। इसके अलावा भी कई ऐसे जनहित के काम किए गए हैं, जिनका पहले वादा नहीं किया गया था।
महिलाओं को वित्तीय सहायता: आने वाली पहली अक्टूबर को महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी।
19 टोल प्लाजा बंद: प्रदेश में अब तक 19 टोल प्लाजा बंद कराए जा चुके हैं, जिससे पंजाब के लोगों की रोजाना करीब 64 लाख रुपये की बचत हो रही है। टोल बंद होने के बावजूद सड़कों का रखरखाव बेहतर रखा गया है।
सड़क हादसों में 50% की कमी: 'सड़क सुरक्षा फोर्स' के गठन के बाद राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 50.1 प्रतिशत की कमी आई है, जिससे लगभग 2,700 लोगों की जान बचाई जा सकी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी अन्य राज्यों को पंजाब से सीखने की सलाह दी है।
मुफ्त बिजली की गारंटी पूरी: सरकार बनते ही पहला फैसला मुफ्त बिजली देने का लिया गया, जिसकी चर्चा देश के साथ-साथ पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी हो रही है। पंजाब के पांच में से तीन थर्मल प्लांट अब सरकारी नियंत्रण में हैं।
सड़कों के सुधार पर जोर: भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने से प्रदेश की सड़कों के निर्माण और गुणवत्ता में अपने आप बड़ा सुधार आया है।
भाजपा की यात्रा पर कटाक्ष: भाजपा की नशा विरोधी यात्रा पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल यात्राओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि नशे के खिलाफ जमीनी स्तर पर उतरकर कार्रवाई करनी होगी।
सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम से पहले पंजाब के आम आदमी पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र ने प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय जांच ब्यूरो भेजकर सरकार के काम रोकने की खूब कोशिश की, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भगवान का हाथ है। उन्होंने कहा कि कोई उनका कुछ बिगाड़ नहीं सका।
सिसोदिया के बयान में केंद्र सरकार और पंजाब सरकार के बीच राजनीतिक मतभेदों का उल्लेख किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने सरकार के कामकाज को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रमुख आधार के रूप में पेश किया।
2.68 लाख कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएंगे काम
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में 2.68 लाख बूथ सदस्य और कार्यकर्ता सरकार के काम को घर-घर पहुंचाएंगे। इसके साथ ही लोगों की समस्याएं और मुद्दे सरकार तक पहुंचाने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने ऐसे काम किए हैं, जो पिछली किसी सरकार ने नहीं किए।
पार्टी के अनुसार, पंजाब में कुल 25,332 बूथ हैं। अभियान में 2,68,553 बूथ कमेटी सदस्य शामिल होंगे। कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार के साढ़े चार साल के कामकाज, योजनाओं और चुनावी गारंटियों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पटियाला में पुलिस शिकायत से खफा बदमाशों ने युवक पर किया हमला, बचाव में 4 साल की बच्ची घायल; सांस की नली कटी
20 सितंबर से धूरी में अभियान
चुनावी अभियान के अगले चरण की शुरुआत 20 सितंबर से होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी विधानसभा सीट धूरी से घर-घर जाकर अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद बूथ कमेटियों के माध्यम से पूरे पंजाब में अभियान चलाया जाएगा।
पार्टी की योजना के अनुसार, यह अभियान करीब एक महीने तक चलेगा। इस दौरान कार्यकर्ता मतदाताओं तक सरकार की योजनाओं और कामकाज की जानकारी पहुंचाएंगे। साथ ही लोगों के मुद्दों को सुनकर उन्हें सरकार तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
सरकार के कामकाज पर चुनावी फोकस
आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सरकार के कामकाज को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी की है। पार्टी का दावा है कि पंजाब में ऐसे काम किए गए हैं, जो पिछले 75 वर्षों में नहीं हुए। चुनावी अभियान के माध्यम से इन्हीं उपलब्धियों और योजनाओं को जनता के बीच ले जाने की रणनीति बनाई गई है।
लुधियाना में पंपलेट जारी करने के साथ शुरू हुआ अभियान अब पूरे पंजाब में बूथ स्तर तक पहुंचेगा। 20 सितंबर से शुरू होने वाले घर-घर अभियान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी। पार्टी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सरकार के कामकाज की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और संगठन को चुनाव के लिए सक्रिय करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।