लुधियाना में सेहत मंत्री ने शुरू किया मेथाडोन मेंटेनेंस थैरेपी क्लीनिक, नशे के खिलाफ युवाओं को मिलेगी नई जिंदगी
पंजाब के सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने लुधियाना के सिविल अस्पताल में मेथाडोन मेंटेनेंस थैरेपी क्लीनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा नशे क ...और पढ़ें

पंजाब के सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने लुधियाना के सिविल अस्पताल में मेथाडोन मेंटेनेंस थैरेपी क्लीनिक का उद्घाटन किया।
HighLights
लुधियाना सिविल अस्पताल में मेथाडोन थैरेपी क्लीनिक का उद्घाटन।
नशे की लत से ग्रस्त युवाओं को मिलेगा नया जीवन।
पंजाब सरकार के नशा मुक्त अभियान का महत्वपूर्ण कदम।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब सरकार के नशा मुक्त पंजाब अभियान को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने लुधियाना के सिविल अस्पताल में मेथाडोन मेंटेनेंस थैरेपी क्लीनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह क्लीनिक नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को सामान्य और स्वस्थ जीवन की ओर वापस लाने में अहम भूमिका निभाएगा।
सेहत मंत्री ने बताया कि मेथाडोन एक तरल दवा है, जिसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उन मरीजों को दिया जाता है जो ओपिओइड या इंजेक्शन के जरिए नशा करने की लत से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि यह उपचार नशे की तीव्र तलब और शरीर में होने वाले दर्द को नियंत्रित करने में काफी प्रभावी माना जाता है। इससे मरीज धीरे-धीरे नशे की आदत छोड़कर सामान्य जीवन की ओर लौट सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए पंजाब सरकार की प्राथमिकता केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नशे के शिकार लोगों का उपचार कर उन्हें दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
यह भी पढ़ें- बेअदबी मामलों की जांच में बदलेगी पुलिस की भाषा, हर दस्तावेज में दिखेगा सम्मान; जारी हुई 22 पवित्र शब्दों की सूची
आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार राज्यभर में नशा मुक्ति सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। अस्पतालों में आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि युवाओं को समय पर इलाज मिल सके और वे स्वस्थ जीवन की शुरुआत कर सकें।
खबरें और भी
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के कथित वीडियो वायरल होने के मामले पर भी सेहत मंत्री से सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर सवाल का खुलकर जवाब दे रहे हैं और सरकार अपने चुनावी वादों को लगातार पूरा कर रही है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में 1 जुलाई से फिर बदलेगा सरकारी दफ्तरों का समय, जानिए अब कब खुलेंगे कार्यालय
10 लाख लोगों के बने स्वास्थ्य कार्ड
उन्होंने दावा किया कि राज्य में अब तक 10 लाख लोगों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जा चुके हैं। किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है, सरकारी स्कूलों में सुधार किए गए हैं और 68 हजार लोगों को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
सेहत मंत्री ने यह भी कहा कि पहले धार्मिक मुद्दों को लेकर हमले किए जाते थे, लेकिन अब व्यक्तिगत स्तर पर राजनीतिक हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और नशा मुक्त पंजाब के लक्ष्य को हासिल करने पर केंद्रित है।
सरकार का मानना है कि मेथाडोन मेंटेनेंस थैरेपी क्लीनिक जैसे उपचार केंद्र नशे की समस्या से निपटने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे और इससे बड़ी संख्या में युवाओं को नई शुरुआत का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में फर्जी नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़, खुद को डॉक्टर बताकर मरीज किए एडमिट; सात लोगों को छुड़ाया