Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    पंजाब नगर निगम चुनाव: AAP ने जारी किया घोषणा पत्र, लुधियाना के विकास के लिए अमन अरोड़ा ने दी 5 गारंटी

    Updated: Sun, 15 Dec 2024 04:19 PM (IST)

    आम आदमी पार्टी ने लुधियाना के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने शहर के विकास के लिए 5 बड़ी गारंटी दी है। इनमें बुड्ढा नाला की सफाई ...और पढ़ें

    प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा।
    प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा।

    HighLights

    1. अमन अरोड़ा ने लुधियाना में की प्रेस कॉन्फ्रेंस।
    2. सरकार पहल के आधार पर बुढा नाला करेगी साफ।
    3. लुधियाना में 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएगी।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने लुधियाना के लिए चुनाव मेनिफेस्टो जारी कर शहर के विकास के लिए पांच गारंटियां दी। रविवार को फिरोजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अमन अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी नगर निगम चुनाव में लुधियाना के विकास के लिए चुनाव लड़ रही है। केजरीवाल का उद्देश्य ही लोगों की सेवा करना और विकास करवाना है। पार्टी इसी नीति के तहत लुधियाना को 5 गारंटी देने जा रही है।

    उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी की स्थानीय सरकार व मेयर बनता है तो लुधियाना के लोगों के लिए विकास के नए प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। 

    अमन अरोड़ा ने दी पांच गारंटी

    1. सबसे पहले बुड्ढा नाला जिसकी सफाई का मुद्दा लंबे समय से चल रहा है। बुड्ढे नाले को साफ किया जाएगा और इसकी दोनों किनारों पर सड़क बनाई जाएगी। इससे इलाके की ट्रैफिक की समस्या खत्म होगी।
    2. लुधियाना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। जिनके चार्जिंग स्टेशन भी बनेंगे।
    3. तीसरी गारंटी के रूप में बताया कि लुधियाना के अंदर नया सीवेज सिस्टम बनाया जाएगा। जिससे सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या दूर होगी। वहीं, आधुनिक ढंग से कूड़े का प्रबंधन किया जाएगा।
    4. चौथी गारंटी देते हुए कहा कि लुधियाना की समूची आबादी को 100 प्रतिशत साफ पानी देने के लिए नई पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी। इसके साथ-साथ नहरी पानी प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द तैयार कर दिया जाएगा। जिससे लोगों को 24 घंटे पानी तो मिलेगा। जमीनी जल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी।
    5. पांचवीं गारंटी देते हुए उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक की समस्या बहुत है। इसके लिए पुराने बस स्टैंड को चंडीगढ़ रोड पर ले जाया जाएगा। मौजूदा बस स्टैंड को लोकल बस स्टैंड बनाया जाएगा। शहर के बाहर अलग-अलग जगह पर चार नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे। यहां से इंटरसिटी बस चलेगी तो शहर में ट्रैफिक की समस्या में भारी कमी आएगी।

    दरिया के किनारे सड़क का निर्माण

    उन्होंने कहा कि ताजपुर रोड से साउथ सिटी तक दरिया के किनारे सड़क का भी निर्माण किया जाएगा। जिससे बाहर से आने जाने वाला ट्रैफिक बाहर निकल जाएगा। बुड्ढा नाला की सफाई को लेकर इंडस्ट्री और पर्यावरण प्रेमियों के बीच टकराव के मामले को लेकर कहा कि पंजाब सरकार बुड्ढा नाला की सफाई का मसाला जल्द ही निकाल लेगी। सरकार ने इसके बारे में प्लान तैयार करके रखा हुआ है। 

    कांग्रेस पर साधा निशाना

    बीते महीने आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत सिंह गोगी के बुड्ढे नाले की सफाई के शिलान्यास के पत्थर को तोड़ गिराने के मामले के बारे में कहा कि की बुड्ढा नाला साफ न होने की वजह से आप विधायक के इमोशन जागे। वे चाहते थे कि इस पर सफाई का काम अच्छे तरीके से हो।

    नगर निगम में कांग्रेस का सदन था। नगर निगम में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। इसीलिए उन्होंने जज्बात में आकर बुड्ढे नाले की सफाई का नींव पत्थर तोड़ दिया था। लेकिन अब आप की स्थानीय सरकार आएगी तो इस पर पंजाब सरकार काम करेगी। ताकि बुड्ढा नाला साफ हो और पुराने दिनों की जो तस्वीर थी बहाल की जाए।

    खबरें और भी

    डल्लेवाल को लेकर क्या बोले अमन अरोड़ा

    विपक्ष के 'आप सरकार के निगम चुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द करवा रही है' के सवाल पर कहा कि विपक्ष के पास नगर निगम में उतराने के लिए कैंडिडेट ही नहीं थे तो उनके नामांकन रद्द क्यों करवाने थे। उन्होंने कहा जिनके नामांकन में गलतियां थीं। उनका नामांकन रद्द हो गया। इसमें सरकार का क्या हाथ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी हार देख रहा है। इसलिए नए-नए बहाने बना रहा है।

    उन्होंने कहा कि सरकार निष्पक्ष तौर पर चुनाव कर रही है। लोगों से अपील भी कि वे आम आदमी पार्टी की सरकार को वोट देकर प्रत्याशी जीता दे। जिससे आम आदमी पार्टी की स्थानीय सरकार बन सके और लुधियाना के अंदर विकास तेजी से हो सके।

    खनौरी बॉर्डर पर किसान डल्लेवाल की तबीयत खराब होने के मसाले और केंद्र सरकार के अभी तक दिल्ली में न आने देने पर कहा कि मोदी सरकार बार-बार किसानों की मांग ठुकरा रही है। उनसे बातचीत नहीं करती है। उन्होंने डल्लेवाल की तबीयत खराब होने के सवाल पर कहा कि सरकार उनके इलाज के लिए काम कर रही है। दुआ करें वो ठीक रहे।

    यह भी पढ़ें- 'झुकेगा नहीं साला...', दिलजीत दोसांझ ने नहीं मानी बाल आयोग की एडवाइजरी, गाये पंज तारा और पटियाला पैग गाना