Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रील बनाने की सनक पड़ी भारी, लुधियाना में लर्निंग लाइसेंस पर कार चला रहे युवक ने 2 महिलाओं को कुचला; 1 की मौत

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 09:11 AM (GMT+05:30)

    लुधियाना में एक 18 वर्षीय युवक ने लर्निंग लाइसेंस पर कार चलाते हुए रील बनाने के चक्कर में दो महिलाओं को कुचल दिया, जिससे एक की मौत हो गई। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. लर्निंग लाइसेंस पर रील बनाते युवक ने किया जानलेवा कार हादसा।

    2. लुधियाना में कार से कुचलने पर एक महिला की मौत, दूसरी घायल।

    3. आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान से बरामद कार के पार्ट्स बदले गए।

    गगनदीप रत्न, लुधियाना। लुधियाना के मॉडल टाउन एक्सटेंशन में शुक्रवार को मॉर्निंग वाक के दौरान दो महिलाओं पर कार चढ़ाने के मामले की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पता चला है कि हादसे का जिम्मेदार 18 वर्षीय युवक अमन कुमार बिना किसी औपचारिक ट्रेनिंग के लर्निंग लाइसेंस पर ही कार घर से नौ किमी दूर लेकर अकेला घूम रहा था।

    इतना ही नहीं, वह गाड़ी चलाते समय अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट के लिए वीडियो भी रिकॉर्ड कर रहा था। इसी लापरवाही के चलते तीन जुलाई की सुबह उसने सड़क किनारे पैदल चल रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी, जिसमें 53 वर्षीय हरप्रीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी सहेली 50 वर्षीय मनमीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

    पुलिस ने आरोपित अमन कुमार निवासी अब्दुल्लापुर बस्ती को शनिवार रात को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार को राजस्थान से बरामद किया गया है। जांच में सामने आया कि अमन ने हाल ही में स्कूल की पढ़ाई पूरी की है और उसके पिता स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करते हैं। वहीं, अगर दो वर्ष में हुए हादसों की बात करें तो 46 सड़क हादसों में नाबालिग और बालिग शामिल थे। इन हादसों में 27 लोगों की जानें गईं।

    हादसे के बाद कार के पार्ट्स बदले, राजस्थान भेजा

    मृतका हरप्रीत कौर के परिजन मनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद आरोपित के परिवार ने सबूत मिटाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि दुर्घटना में कार की विंडशील्ड टूट गई थी, जिसे बदलवा दिया गया। इसके बाद कार को राजस्थान भेज दिया गया। परिवार ने मांग की कि जांच में परिवार की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए।

    पुलिस के मुताबिक जब मामले की जांच शुरू की तो उन्हें कार का नंबर पता चला। उक्त कार के नंबर से मालिक के पास पहुंचे तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कार एजेंसी पर बेच दी थी। पुलिस एक-एक करके चार एजेंसियों में पहुंची। अंत में उन्हें पता चला कि कार को आठवीं बार आरोपित अमन के पिता ने खरीदा था।

    खबरें और भी

    अमन ने बताया-मैं वीडियो बना रहा था और स्टेरिंग घूम गया

    अमन ने पुलिस और मृतका के स्वजन को बताया कि मैं कार सीखने के लिए घर से निकला था। माडल टाउन ट्यूशन मार्केट पहुंचा तो रील बनाने लगा। इस दौरान स्टेयरिंग घूम गया और कार सड़क पर जा रही दो महिलाओं के ऊपर से निकल गई। मैं डर गया था, इसलिए मैंने कार भगा ली।

    पुलिस ने आरोपित के मोबाइल फोन से वह वीडियो भी बरामद किया है, जिसे वह हादसे के समय रिकार्ड कर रहा था। ये वीडियो 4 मिनट और 6 सैकेंड का है, लेकिन हादसा 1 मिनट 13 सैकेंड पर हो गया था। हादसे के बाद भी वीडियो आन रहा और वो 4 मिनट 6 सैकेंड पर जाकर आरोपित ने खुद बंद किया।

    ये भी हैं सवाल ?

    • कार टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसे किसने ठीक करवाया और नए पार्ट्स डलवाए?
    • कार को राजस्थान लेकर कौन पहुंचा? जबकि आरोपित को लुधियाना से गिरफ्तार किया था?
    • कार सात जगह बिकी हुई थी, लेकिन उसके दस्तावेज का रिकार्ड आनलाइन क्यों नहीं था?
    • हादसे के बाद आरोपित कहां और किसके पास छिपा था? उसपर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
    • लर्निंग लाइसेंस धारकों के लिए वाहन चलाने के नियम
    • स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस धारक का साथ होना जरूरी
    • वाहन पर एल का निशान लगाना अनिवार्य
    • केवल उसी श्रेणी का वाहन चला सकते हैं


    मॉडल टाउन की एसएचओ गुरशिंदर कौर ने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपित के पास लर्निंग लाइसेंस है। इसके बावजूद वह माडल टाउन एक्सटेंशन तक कार लेकर पहुंच गया। इस दौरान वह वीडियो बना रहा था। उसने स्वजन से कहा था कि किसी वाहन से टक्कर हो गई थी, लेकिन हादसे के बारे में कुछ नहीं बताया था। अगर परिवार के किसी शख्स की भूमिका सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।