पत्नी के भोग के तुरंत बाद सूबेदार पति ने भी तोड़ा दम, लुधियाना सड़क हादसे ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार
जगराओं में 12 अक्टूबर को हुए सड़क हादसे में घायल सेवानिवृत्त सूबेदार हरजिंदर सिंह का पत्नी सुखविंदर कौर के भोग के बाद निधन हो गया।

सड़क हादसे में मृत्क पत्नी के भोग के बाद पति ने भी तोड़ा दम।
HighLights
सेवानिवृत्त सूबेदार हरजिंदर सिंह का पत्नी के भोग के बाद निधन
12 अक्टूबर को जगराओं जीटी रोड पर हुआ था भीषण हादसा
परिवार ने कट बंद करने और गलत ड्राइविंग पर कार्रवाई मांगी
संवाद सहयोगी, जगराओं। बीते 12 अक्टूबर को जीटी रोड पर परदेसी ढाबे के सामने हुए सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सेवानिवृत्त सूबेदार हरजिंदर सिंह ने भी अपनी पत्नी के भोग के बाद दम तोड़ दिया। इस हादसे में उनकी पत्नी सुखविंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पति-पत्नी की मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त सूबेदार हरजिंदर सिंह और उनकी पत्नी सुखविंदर कौर जगराओं शहर से खरीदारी करके अपने गांव गालिब खुर्द लौट रहे थे। इसी दौरान जीटी रोड पर एक ट्रक से हुए हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में सुखविंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हरजिंदर सिंह को उपचार के लिए पहले सिविल अस्पताल जगराओं में भर्ती करवाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लुधियाना के मेडिसिटी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान 21 अक्टूबर को उन्होंने अंतिम सांस ली।
मृतक सूबेदार हरजिंदर सिंह के बेटे हरदीप सिंह ने बताया कि उनकी माता सुखविंदर कौर का भोग 21 अक्टूबर को दोपहर एक बजे था। भोग के बाद उनके पिता हरजिंदर सिंह का भी निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार 22 अक्टूबर को फौजी सममान के साथ गांव गालिब खुर्द में किया गया।
जीटी रोड फुटपाथ पर बनाया कट हादसों को दे रहा न्योता
जगराओं से मोगा जाने वाले मार्ग पर गांव कोठे बग्गू के सामने लुधियाना-फिरोजपुर मार्ग यानी जीटी रोड पर बनाया गया कट कई हादसों का कारण बनता आ रहा है। बताया जा रहा है कि गांववासियों द्वारा जीटी रोड पर फुटपाथ पर कट बनाए जाने के बाद से यहां दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। सूबेदार हरजिंदर सिंह और उनकी पत्नी जब जगराओं से सामान लेकर इस कट के रास्ते जीटी रोड पर चढ़ रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से उनकी स्कूटी असंतुलित हो गई।
इसके बाद सुखविंदर कौर के सिर के ऊपर से वाहन गुजर जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरजिंदर सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मार्ग पर हादसों का एक अन्य बड़ा कारण ढाबे से खाना खाने के बाद कुछ वाहनों का गलत दिशा में चलना भी बताया जा रहा है।
ऐसे वाहन गलत साइड से होते हुए लुधियाना की ओर निकल जाते हैं, जिससे इस कट पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कम समय में ही यहां कई लोग अपनी कीमती जान गंवा चुके हैं।
परिवार ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की
इस संबंध में मृतक हरजिंदर सिंह के बेटे हरदीप सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों ने कहा कि वे इस कट और ढाबे से खाना खाने के बाद गलत दिशा में जाने वाले वाहनों की आवाजाही के मामले को लेकर जल्द ही लुधियाना ग्रामीण पुलिस के एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता से मुलाकात करेंगे।
परिवार ने मांग की कि इस कट के कारण होने वाले हादसों को रोकने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सखत कार्रवाई करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे धरना-प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।