कौन थीं पंजाबी सिंगर इंदर कौर? नहर में शव मिलने से मचा हड़कंप, म्यूजिक इंडस्ट्री में दे चुकीं कई हिट गाने
मशहूर पंजाबी गायिका इंदर कौर उर्फ यशविंदर कौर का शव लुधियाना की नीलो नहर से बरामद हुआ है। वह पिछले छह दिनों से लापता थीं। ...और पढ़ें

यशविंदर कौर (सौ. इंस्टाग्राम )
HighLights
गायिका इंदर कौर का शव नीलो नहर में मिला
छह दिन से लापता थीं, अपहरण का आरोप
जबरन शादी के दबाव में हत्या की आशंका
डिजिटल डेस्क, लुधियाना। पंजाबी संगीत जगत से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायिका इंदर कौर उर्फ यशविंदर कौर (Yashwinder Kaur) का शव लुधियाना की नीलो नहर से बरामद हुआ है। सिंगर पिछले छह दिनों से लापता थीं। इस घटना के बाद से उनके प्रशंसकों और स्थानीय इलाके में हड़कंप मच गया है।
कौन थीं सिंगर इंदर कौर?
इंदर कौर उर्फ (Inder Kaur Profile) यशविंदर मूल रूप से पंजाब के लुधियाना की रहने वाली थीं और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का एक उभरता हुआ चेहरा थीं। उन्होंने 'सोहना लगदा', 'सोने दी चिड़ी', 'अफगान जट्टी' और 'किसान एंथम 2' जैसे कई हिट गानों में अपनी आवाज दी थी।
उन्होंने मशहूर पंजाबी सिंगर गिप्पी ग्रेवाल के साथ 'सोने दी वंग' और देसी क्रू (Desi Crew) के साथ 'जट्ट माइंड' जैसे बेहद लोकप्रिय गानों में काम किया था। सिंगर के इंस्टाग्राम पर एक लाख 24 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जहां वे अपनी तस्वीरें और गानों के अपडेट्स साझा करती रहती थीं।
क्या है पूरा मामला?
- शव की बरामदगी: सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को लुधियाना की नीलो नहर में एक शव होने की सूचना मिली, जिसकी पहचान सिंगर इंदर कौर के रूप में हुई।
- गन पॉइंट पर अपहरण: परिजनों के मुताबिक, छह दिन पहले इंदर कौर का गन पॉइंट (हथियार के बल पर) अपहरण कर लिया गया था।
- जबरन शादी का दबाव: मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि मोगा का रहने वाला एक युवक इंदर पर जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहा था। जब इंदर ने शादी से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
खबरें और भी
फिलहाल पुलिस अपहरण और जबरन शादी के दबाव समेत सभी आरोपों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशंसकों में शोक की लहर
इंदर के मौत की खबर से उनके प्रशंसक भी दुखी हैं। सिंगर की मौत की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने गहरा दुख जताया है। इंस्टाग्राम पर उनकी आखिरी पोस्ट्स पर लोग लगातार कमेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "दिल दहला देने वाली खबर।" वहीं एक अन्य ने लिखा, "बहुत दुखद... भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।"