परविंदर झोटा हत्या के बाद CM मान ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग, सभी जिलों के SSP, SDM और DCP से करेंगे बैठक
परविंदर झोटा की हत्या के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। इस घटना को लेकर विपक्ष ने सरकार पर कड़े सवाल उठाए हैं।

परविंदर सिंह झोटा की फाइल फोटो और सीएम भगवंत मान।
HighLights
परविंदर झोटा की मानसा में गोली मारकर हत्या।
मुख्यमंत्री मान ने कानून-व्यवस्था पर उच्चस्तरीय बैठक बुलाई।
नशा विरोधी अभियान चलाने वालों की सुरक्षा पर सवाल।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की मानसा में गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री जल्द ही सभी जिलों के एसएसपी, एसडीएम और डीएसपी के साथ भी बैठक करेंगे। परविंदर झोटा की हत्या के बाद पंजाब में कानून-व्यवस्था और नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह मानसा में केमिस्ट शॉप मालिक अश्विनी कुमार ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उनके साथ मौजूद कुछ और लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना से पहले झोटा अपने फेसबुक पेज पर लाइव थे। इस दौरान वह अपने साथियों के साथ एक मेडिकल स्टोर संचालक से नशे को लेकर बहस करते दिखाई दे रहे थे। इसी बीच उन पर गोलियां चला दी गईं।
यह भी पढ़ें- पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, कैमरे में कैद हुई वारदात
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
केमिस्ट शॉप मालिक ने झोटा पर नजदीक से गोलियां चलाईं। कई गोलियां लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़े। उन्हें दो पेट व एक झांग में गोली लगी और अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मानसा और आसपास के मालवा क्षेत्र में रोष का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने हमलावर की तलाश तेज कर दी है।
जिले के प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावर की मूवमेंट का पता लग सके।
यह भी पढ़ें- बॉक्सर से नशा विरोधी योद्धा बने परविंदर झोटा की कहानी, खुद इस दलदल से निकल ड्रग्स के खिलाफ शुरू की थी मुहिम
नशे के खिलाफ अभियान पर उठे सवाल
परविंदर सिंह झोटा की हत्या ने पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से बुलाई गई उच्चस्तरीय बैठक और सभी जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बैठक को इस घटना के बाद अहम माना जा रहा है।
