पंजाब के मोगा में MLA अमनदीप अरोड़ा के आवास पर ED की रेड, समर्थकों ने जताया विरोध; आवास पर सुरक्षा चाक-चौबंद
पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा।
HighLights
मोगा में AAP विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के घर ED का छापा।
ईडी टीम ने सीआरपीएफ जवानों के साथ की छापेमारी कार्रवाई।
आप समर्थकों ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताकर विरोध जताया।
संवाद सहयोगी, मोगा। पंजाब के मोगा में बुधवार को आम आदमी पार्टी की मोगा से विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापामारी की।
सुबह तड़के ईडी की टीम सीआरपीएफ के जवानों के साथ विधायक के घर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम की ओर से विधायक के पहले रहे फ्लैटों पर भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान घर और फ्लैटों के आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए।
समर्थकों ने की नारेबाजी
विधायक के आवास पर ईडी की रेड की सूचना मिलते ही आम आदमी पार्टी के समर्थक और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचने शुरू हो गए। इस दौरान समर्थकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई का विरोध जताया।
मौके पर राजनीतिक माहौल गरमा गया और समर्थकों ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना रोष जाहिर किया।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की ओर से कुछ दिन पहले वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी।
लिस्ट में अमनदीप कौर का नाम भी था
इस सूची में मोगा से मौजूदा विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को दोबारा पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विधायक के आवास पर ईडी की कार्रवाई ने जिले की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पंजाब में आम आदमी पार्टी के कई नेताओं, मंत्रियों और विधायकों से जुड़े ठिकानों पर ईडी की ओर से छापेमारी की जा चुकी है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। छापेमारी के दौरान टीम को क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इस बारे में भी कोई पुष्टि नहीं हुई है। ईडी की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और जांच से जुड़े तथ्यों की पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।