सहायक थानेदार की वर्दी, फर्जी आईकार्ड और वॉकी-टॉकी... मोगा में नकली महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार; लोगों पर जमाती थी रौब
मोगा पुलिस ने पंजाब पुलिस की नकली कर्मी बनकर लोगों पर रौब जमाने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से सहायक थानेदार की वर्दी, फर्जी आईकार्ड औ ...और पढ़ें
-1786104333788_m.webp)
मोगा में नकली महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार, वर्दी और फर्जी आईकार्ड बरामद।
HighLights
मोगा पुलिस ने नकली महिला पुलिसकर्मी को किया गिरफ्तार
आरोपित से वर्दी, फर्जी आईकार्ड, दो वॉकी-टॉकी बरामद
लोगों पर रौब जमाने के आरोप में हुई कार्रवाई
राजकुमार राजू, मोगा। मोगा पुलिस ने पंजाब पुलिस की नकली पुलिस कर्मी बनकर आम लोगों पर रौब जमाने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित महिला के कब्जे से सहायक थानेदार की वर्दी, पंजाब पुलिस का फर्जी आईकार्ड और दो वॉकी-टॉकी बरामद किए हैं।
थाना सिटी मोगा पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अदालत में पेश करने के बाद उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एसएसपी सरताज सिंह चाहल के निर्देशों पर गलत गतिविधियों में संलिप्त लोगों तथा आम जनता को धमकाकर पुलिस का रौब दिखाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत फोकल प्वाइंट पुलिस चौकी के प्रभारी मोहकम सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला को काबू किया।
-1786104346964.webp)
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चौकी प्रभारी मोहकम सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान जब वे कोटकपूरा बाईपास के पास मौजूद थे तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि कोमलप्रीत कौर निवासी गांव चंदेवाला मोड़, मल्लांवाला, जिला फिरोजपुर खुद को पंजाब पुलिस की कर्मी बताती है। उसके पास पंजाब पुलिस का फर्जी आईकार्ड भी है।
सूचना के मुताबिक, आरोपित महिला फर्जी आईकार्ड दिखाकर लोगों पर पुलिस का प्रभाव जमाती थी। इतना ही नहीं, वह कथित तौर पर सरेआम पंजाब पुलिस की वर्दी पहनकर बाजार में घूमती थी। पुलिस को यह भी सूचना मिली कि वह उस समय आईटीआई मोगा के सामने खड़ी है।
खबरें और भी

सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी मोहकम सिंह ने महिला पुलिस कर्मचारियों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर छापामारी की और कोमलप्रीत कौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से सहायक थानेदार की वर्दी, पंजाब पुलिस का फर्जी आईकार्ड और दो वॉकी-टॉकी बरामद किए।
चौकी प्रभारी मोहकम सिंह ने बताया कि आरोपित महिला को पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस मामले से जुड़े और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।