सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक टक्कर, तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
मोगा-कोटकपूरा मार्ग पर देर रात तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार सीरा की मौके पर ही मौत हो गई।
-1788153378928_m.webp)
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक टक्कर (फोटो: जागरण)
HighLights
मोगा-कोटकपूरा मार्ग पर देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा।
तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से सीरा की मौत।
हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद।
संवाद सहयोगी, मोगा। मोगा-कोटकपूरा मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार दूसरा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। हादसे की पूरी घटना सड़क किनारे लगे निगरानी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान मोगा के बेअंत नगर निवासी सीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सिरा पेंटिंग का काम करता था और अभी अविवाहित था। परिवार के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले तक वह घर पर ही मौजूद था।
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। देर रात करीब 10 बजे परिवार को सूचना मिली कि सड़क हादसे में सीरा की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन मौके पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार कैमरे की तस्वीरों में हादसे के समय मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सड़क पर जा रहे कैंटर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिरा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार दूसरा व्यक्ति इस हादसे में बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस सी सी टी वी कैमरे की तस्वीरों के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
साथ ही हादसे में शामिल कैंटर और उसके चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक की भाभी सोमा रानी ने बताया कि सीरा परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण था। वह घर की बुजुर्ग माता का सहारा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
थाना सिटी साउथ के प्रभारी वरुण कुमार ने बताया कि परिवार की ओर से फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार किया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार के फैसले और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर हादसे से जुड़े सभी तथ्यों को जुटा रही है।
