विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोगा जिले में गर्मी व तपिश से लोग बेहाल, पारा पहुंचा 42 के पार; आमजनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त

Published: Thu, 12 Jun 2025 04:37 PM (IST)

मोगा जिले में गर्मी का प्रकोप जारी है जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। गर्म हवाओं ने ...और पढ़ें

गर्मी व तपिश से लोग बेहाल, पारा पहुंचा 42 के पार
गर्मी व तपिश से लोग बेहाल, पारा पहुंचा 42 के पार

राज कुमार राजू, मोगा। जिले में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। वीरवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके कारण रातें भी गर्म और उमस भरी हो गई हैं। तेज धूप और 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने लोगों को बुरी तरह झुलसा दिया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले चार दिनों में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है और इस सप्ताह अधिकतम तापमान 43. डिग्री तक बना रह सकता है। इस प्रचंड गर्मी ने न केवल लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित किया है, बल्कि स्थानीय बाजारों और दैनिक गतिविधियों पर भी गहरा असर डाला है।

गर्मी की इस लहर ने शहर के लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया, क्योंकि लोग दोपहर की तपती धूप से बचने के लिए घरों या छायादार स्थानों का सहारा ले रहे हैं। तो कई लोग अपने आप को गर्मी से बचने के लिए सिर पर ठंडा पानी डाल रहे है।

गर्मी का असर स्थानीय बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थों, जूस, लस्सी, और आइसक्रीम की बिक्री में 70 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडी चीजों की मांग कर रहे हैं। गर्मी के कारण बिजली की खपत में भी भारी वृद्धि हुई है। पंखे, कूलर, और एयर कंडीशनर दिन-रात चल रहे हैं।

सिविल सर्जन डाक्टर प्रदीप कुमार महिन्द्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाईजरी जारी की जा चुकी है। गर्मी के इस मौसम में लू से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स युक्त पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी जा रही है।

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि वे गर्मी के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिसके लिए लोगों को पहले से तैयार रहने की जरूरत है। गर्मी का यह प्रकोप कब तक रहेगा, यह कहना मुश्किल है, लेकिन मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।