पंजाब में SIR अभियान जारी, मोगा का धर्मकोट रहा बना नंबर वन; लास्ट डेट से पहले आप भी दर्ज करा लें अपना नाम
मोगा जिले के धर्मकोट विधानसभा क्षेत्र ने भारत निर्वाचन आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान को पूरे पंजाब में सबसे पहले सफलतापूर्वक पूरा कर ...और पढ़ें

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में धर्मकोट ने पंजाब में लहराया परचम।
HighLights
धर्मकोट ने एसआईआर अभियान में पंजाब में प्रथम स्थान प्राप्त किया
मुख्य चुनाव अधिकारी ने ईआरओ गुरविंदर सिंह जौहल को विशेष रूप से सम्मानित किया
यह सफलता प्रभावी नेतृत्व, बेहतर समन्वय और टीम भावना का परिणाम है
संवाद सूत्र, धर्मकोट। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान में मोगा जिले के धर्मकोट विधानसभा क्षेत्र ने पूरे पंजाब में सबसे पहले अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर प्रथम स्थान हासिल किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) धर्मकोट गुरविंदर सिंह जौहल को विशेष रूप से सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी ने अभियान को निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए जौहल और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रभावी नेतृत्व, बेहतर समन्वय और चुनावी अमले की मेहनत का परिणाम है।
निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी गुरविंदर सिंह जौहल ने इस सम्मान का श्रेय डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया के मार्गदर्शन तथा अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, सुपरवाइजरों, बीएलओ और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए अभियान को समय पर पूरा किया।
डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने गुरविंदर सिंह जौहल और पूरी चुनावी टीम को बधाई देते हुए कहा कि धर्मकोट विधानसभा क्षेत्र का पूरे पंजाब में प्रथम स्थान प्राप्त करना मोगा जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम भावना, उत्कृष्ट प्रबंधन और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं पारदर्शी अद्यतन लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसी उपलब्धियां भविष्य में भी प्रशासन को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।