'पंजाब की जनता 2027 में फिर चुनेगी AAP सरकार', CM भगवंत मान का बड़ा दावा; विपक्षी दलों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि पंजाब की जनता ने 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार को दोबारा सत्ता में लाने का मन बना लिया है। ...और पढ़ें
-1785000941211_m.webp)
अस्पताल का उद्घाटन करते सीएम मान। फोटो जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री ने 2027 में AAP की वापसी का दावा किया।
जनहितैषी योजनाओं और 1090 आम आदमी क्लीनिकों का उल्लेख।
नहरी सिंचाई में वृद्धि और किसानों को दिन में बिजली।
जागरण संवाददाता, मोगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को दावा किया कि पंजाब की जनता ने वर्ष 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार को दोबारा सत्ता में लाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई जनहितैषी योजनाओं को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन जनता के विश्वास को दर्शाता है।
गांव चड़िक में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली, 10 लाख वाली मुख्यमंत्री सेहत योजना, महिलाओं को आर्थिक सहायता, नहरी सिंचाई का विस्तार, मेरिट के आधार पर पारदर्शी सरकारी भर्तियां और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं जैसी पहलों से पंजाब में जमीन पर बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लोक मिलनी की कुछ झलकियां साझा करते हुए लिखा कि ऐतिहासिक गांव चड़िक में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम में लोगों से मिले अपार प्यार और भारी एकत्रीकरण के लिए वह हृदय से आभारी हैं।
आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या 1090
उन्होंने गांव के विकास के लिए 51 लाख की ग्रांट देने की घोषणा की। साथ ही स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करते हुए राज्य के लोगों को 100 नए आम आदमी क्लीनिक समर्पित किए गए, जिसके बाद पंजाब में संचालित आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या 1,090 हो गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य के 88 प्रतिशत कृषि क्षेत्रों तक नहरी पानी पहुंचाना, 90 प्रतिशत परिवारों के बिजली बिल शून्य करना और युवाओं को पूरी तरह मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां देना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विपक्षी दलों पर साधा निशाना
लोक मिलनी के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां ऐसी बारात की तरह हैं, जिसमें दूल्हा ही नहीं है। सत्ता के लिए आपस में लड़ रहे इन दलों के पास कोई एक नेता नहीं है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल तीन-चार गुटों में बंट चुका है, जबकि कांग्रेस के नेता भी एक-दूसरे से सहमत नहीं हैं।
नहरी सिंचाई में बड़े बदलाव किए
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब में नहरी पानी के इस्तेमाल में उल्लेखनीय वृद्धि की है। वर्ष 2022 में राज्य में केवल 22 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग हो रहा था, जबकि अब यह आंकड़ा 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के कुछ हिस्सों में लोगों ने 80 वर्षों में पहली बार नहरी पानी देखा है। पहले किसान सिंचाई के लिए ट्यूबवेल और भूजल पर निर्भर थे, लेकिन अब स्थिति बदल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए 14,000 किलोमीटर पाइपलाइन और वाटरकोर्स बनाए गए हैं। उन्होंने इसकी तुलना दिल्ली से कनाडा तक की दूरी से की।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में पहली बार धान के सीजन के दौरान किसानों को दिन के समय आठ घंटे से अधिक लगातार बिजली आपूर्ति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को सिंचाई के लिए रात के समय बिजली पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन उनकी सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है। साथ ही पंजाब सरकार ने एक निजी थर्मल पावर प्लांट खरीदकर इतिहास रचा है।